लकवाग्रस्त युवक ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय और उपचार की गुहार, इच्छा मृत्यु की भी मांग

लकवाग्रस्त युवक ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय और उपचार की गुहार, इच्छा मृत्यु की भी मांग

लकवाग्रस्त युवक ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय और उपचार की गुहार, इच्छा मृत्यु की भी मांग

धमतरी। जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवपुर निवासी शशिकांत भरत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से अपनी वर्षों पुरानी पीड़ा का समाधान करने की अपील करते हुए कहा है कि यदि उन्हें न्याय और समुचित उपचार नहीं मिल सकता तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति प्रदान की जाए।

शशिकांत भरत ने बताया कि वर्ष 2016 में वह भटगांव आईटीआई धमतरी में कंप्यूटर प्रशिक्षण का अध्ययन कर रहे थे। 11 नवंबर 2016 को जेठोनी पर्व के अवसर पर अवकाश होने के कारण वह अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दूकली (गचकनहार) गांव के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन पर हमला किया गया और उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़ दिया गया। घटना के बाद उनका पूरा शरीर लकवाग्रस्त हो गया।

पीड़ित युवक के अनुसार घटना के समय देश में नोटबंदी लागू होने के कारण परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उनके माता-पिता ने कर्ज लेकर और ऊंचे ब्याज पर राशि जुटाकर उनका इलाज कराया, लेकिन वर्षों के उपचार के बाद भी वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो सके। परिवार की अधिकांश आय आज भी कर्ज चुकाने में खर्च हो रही है, जिसके कारण आगे का समुचित उपचार कराना संभव नहीं हो पा रहा है।

शशिकांत भरत ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, धमतरी कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा तथा सिहावा विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम से मांग की है कि उनकी घटना की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए तथा उन्हें ऐसे उच्च स्तरीय अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार उपलब्ध कराया जाए जहां उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार की संभावना हो।

उन्होंने कहा कि यदि शासन उनकी जांच और उपचार की मांग पूरी करने में असमर्थ है तो उन्हें इच्छा मृत्यु प्रदान करने पर विचार किया जाए। शशिकांत ने प्रदेश सरकार से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप कर न्याय और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।