राजधानी में बस्तर दशहरा समिति ने दिया निमंत्रण: सांसद महेश कश्यप

राजधानी में बस्तर दशहरा समिति ने दिया निमंत्रण: सांसद महेश कश्यप

विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार रस्म में शामिल होंगे देश के गृहमंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

राजधानी में बस्तर दशहरा समिति ने दिया निमंत्रण: सांसद महेश कश्यप

रायपुर/जगदलपुर। छह सौ से अधिक वर्षों से मनाया जा रहा विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा इस वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में बस्तर दशहरा समिति द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं धमतरी महापौर रामू रोहरा को विशेष आमंत्रण प्रदान किया गया। इस अवसर पर आमंत्रित सभी गणमान्यजनों ने बस्तर दशहरा समिति का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

निमंत्रण कार्यक्रम के पश्चात उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, पश्चिम बंगाल के विधायक सुशांत घोष तथा छत्तीसगढ़ सर्व बंगाली समाज के 250 से अधिक सदस्यों ने एक साथ बंगाल फाइल फिल्म का आनंद भी लिया।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से संवाद करते हुए समस्त पत्रकार बंधुओं को इस ऐतिहासिक और भव्य आयोजन में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का अद्वितीय प्रतीक है। यह भारत का सबसे अनूठा और लंबा चलने वाला धार्मिक पर्व है, जो पूरे 75 दिनों तक श्रद्धा, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता के साथ मनाया जाता है। बस्तर दशहरा रावण वध पर आधारित न होकर बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की भक्ति और आदिवासी परंपराओं पर केंद्रित है। देवी की आराधना, विशाल रथ यात्रा, तांत्रिक अनुष्ठान और जनभागीदारी से जुड़ा यह पर्व बस्तर की संस्कृति, आस्था और आत्मा को जीवंत स्वरूप प्रदान करता है। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और जनजातीय विरासत का उत्सव है, जिसने बस्तर को पूरे देश में विशिष्ट पहचान दिलाई है।

सांसद कश्यप ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार रस्म में देश के गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कैबिनेट मंत्री, सांसद एवं विधायकगण सम्मिलित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पूर्व बस्तर दशहरा समिति द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी विशेष रूप से आमंत्रण प्रदान किया गया है।

निमंत्रण कार्यक्रम में बस्तर दशहरा समिति अध्यक्ष एवं बस्तर सांसद महेश कश्यप, उपाध्यक्ष बलराम मांझी, चालकी एवं अन्य समिति सदस्य, भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति सदस्य रमन चौहान, देवेंद्र कश्यप एवं शशांक श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।