सांसद खेल महोत्सव को लेकर जगदलपुर जनपद कार्यालय में हुई बैठक
सांसद खेल महोत्सव को लेकर जगदलपुर जनपद कार्यालय में हुई बैठक
जगदलपुर: आगामी सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज जगदलपुर जनपद कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बस्तर सांसद महेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह युवाओं में खेल भावना,अनुशासन, टीम स्पिरिट और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक युवाओं को इसमें भागीदारी हेतु प्रेरित करें, ताकि ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिल सके।
जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस महोत्सव से न केवल खेल प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारा और सकारात्मक वातावरण भी मजबूत होगा। उन्होंने जनपद स्तर पर महोत्सव को सफल बनाने हेतु जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।
सरपंच संघ जिला अध्यक्ष रैदु नाग ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित यह महोत्सव युवाओं को नई दिशा देगा और उन्हें अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि जब ग्राम पंचायत स्तर से ही प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा, तो बस्तर क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकेंगे।
आयोजन की रूपरेखा के अनुसार महोत्सव की प्रतियोगिताएँ चार चरणों में होंगी। ग्राम पंचायत स्तर पर मुकाबले 21 सितम्बर से 20 अक्टूबर तक होंगे। इसके बाद विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएँ 21 अक्टूबर से 20 नवम्बर तक आयोजित होंगी। विधानसभा स्तर की प्रतिस्पर्धाएँ 21 नवम्बर से 20 दिसम्बर तक चलेंगी और अंत में लोकसभा स्तर की प्रतियोगिताएँ 23 से 25 दिसम्बर तक होंगी। इस भव्य महोत्सव का समापन समारोह 25 दिसम्बर को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर आयोजित किया जाएगा, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण होगा।
इस महोत्सव में विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी जिनमें फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स की 100 मीटर और 400 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी और बैडमिंटन शामिल हैं। विशेष आकर्षण के रूप में वरिष्ठ नागरिकों के लिए कुर्सी दौड़ और दिव्यांगजन के लिए संगीत बॉल पास प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। प्रतियोगिता तीन आयु वर्गों 08 से 18 वर्ष, 19 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक में सम्पन्न होगी।
प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 29 अगस्त से प्रारंभ हो चुकी है और 20 सितम्बर 2025 तक जारी रहेगी।
बैठक में जनपद अध्यक्ष पदलाम नाग, जनपद उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप, सरपंच संघ जिला अध्यक्ष रैदु नाग,जनपद सदस्यगण एवं ग्राम पंचायतों के सरपंच बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
cg24
