अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर एनसीसी मैदान में हुआ भव्य आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर एनसीसी मैदान में हुआ भव्य आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर एनसीसी मैदान में हुआ भव्य आयोजन
विधायक सुश्री लता उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम

 अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित एनसीसी ग्राउंड में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के अधिकारों एवं कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और कृत्रिम अंग बनाने हेतु शिविर लगाई गई। साथ ही खेल प्रतियोगिता सहित रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष  जसकेतु उसेंडी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेंडी ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगजन विशेष प्रतिभाओं से परिपूर्ण होते हैं। वे किसी न किसी क्षेत्र में एकाग्रता और मेहनत के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निरंतर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, इसके लिए समाज को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष  नरपति पटेल ने कहा कि आज का दिन दिव्यांगजनों के हौसले, उम्मीदों और संकल्पों का उत्सव है। सरकार की मंशा के अनुरूप उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाते हुए शिक्षा, खेल सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि जिले के समग्र विकास के साथ दिव्यांगजनों को साथ लेकर आगे बढ़ना हमारी प्राथमिकता है। शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुँचाते हुए उनके लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए जिले में विशेष विद्यालय प्रारंभ करने हेतु प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से महावीर जयपुर फुट सेंटर जगदलपुर द्वारा कृत्रिम हाथ और  कृ़ित्रम पैर बनाने हेतु शिविर लगाई गई। शिविर में 08 व्हील चेयर, 05 ट्रैक साइकिल, 02 कैलीपर्स, 75 यूडीआईडी आवेदन, 50 कृत्रिम पैर एवं कैलिपर्स के लिए पंजीयन हुआ है।  जिसमें एक व्यक्ति को तत्काल एक कृत्रिम पैर तैयार कर प्रदान किया गया। वहीं  4 दिव्यांग बच्चे का और 18 सामान्य जन का आधार कार्ड पंजीयन भी किया गया। इस अवसर पर  दीपेश अरोरा,  जितेन्द्र सुराना,  जैनेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य  नंदलाल राठौर, जनपद उपाध्यक्ष  टोमेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती कमलेश्वरी सेठिया और लीलावती, पार्षदगण हिना श्रीवास्तव और संतोष पात्र सहित अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम  अजय उरांव, तहसीलदार  मनोज रावटे, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, जनपद सीईओ  उत्तम महोबिया, समाज कल्याण की उपसंचालक श्रीमती ललिता लकड़ा, डीएमसी  ईमल बघेल एवं अन्य विभागीय अधिकारी और दिव्यांगजन उपस्थित रहें।