किसानों का 'एक-एक दाना' खरीदेगी सरकार : साव
धान खरीदी पर कांग्रेस के भ्रम को छत्तीसगढ़ सरकार ने किया खारिज
किसानों का 'एक-एक दाना' खरीदेगी सरकार : साव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विपक्षी दल कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार की सफल और सुव्यवस्थित धान खरीदी प्रक्रिया से घबराकर कांग्रेस अब किसानों के बीच लगातार भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। श्री साव ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी प्रारंभ होने से काफी पहले ही कांग्रेस ने यह दुष्प्रचार शुरू कर दिया था कि सरकार की कोई तैयारी नहीं है और वह धान खरीदना नहीं चाहती है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस केवल किस्म-किस्म की बातें कर किसानों को गुमराह करने में जुटी है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। श्री साव ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने धान खरीदी के लिए व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप आज प्रदेश भर के केंद्रों में नियमित रूप से धान की खरीदी हो रही है। किसानों को आश्वस्त करते हुए श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वयं यह स्पष्ट कर दिया है कि किसान किसी भी प्रकार के संशय में न रहें और धैर्य रखें। मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराया है कि प्रत्येक पात्र किसान की पात्रता के अनुसार उनके धान के एक-एक दाने की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी। विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए श्री साव ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने अपने पिछले शासनकाल में किसानों को ठगने और उन्हें धोखा देने का काम किया, उसे अब इस तरह की भ्रामक बातें करना शोभा नहीं देता। प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पूर्णतः किसान हितैषी है और किसानों के आर्थिक हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री साव ने अपील की कि किसान विपक्ष के किसी भी भ्रामक प्रचार में न आएँ, क्योंकि सरकार उनकी उपज का पूरा मूल्य और सम्मान देने के लिए तैयार है।
cg24
