-किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं कारगर सिद्ध हो रही हैं - विधायक ललित चंद्राकर
कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के 1,06,830 कृषकों को 407.89 करोड़ रुपये अंतरित, विकासखण्डों में हुआ सीधा प्रसारण
-किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं कारगर सिद्ध हो रही हैं - विधायक ललित चंद्राकर
- जिले के 10 कृषकों को प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित
दुर्ग, 28 फरवरी, 2026/ कृषक उन्नति योजना के तहत आज प्रदेश के 24.28 लाख किसानों को आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। विकासखण्ड बिल्हा जिला बिलासपुर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा कुल 10,324.84 करोड़ की राशि डीबीटी माध्यम से किसानों को प्रदान की गई। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया गया तथा मुख्यमंत्री हितग्राहियों से संवाद भी किए।
जिले में दुर्ग, धमधा और पाटन विकासखण्डों में कार्यक्रम आयोजन किया गया। कृषक उन्नति योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 में जिले के कुल 1,06,830 कृषकों को लगभग 407.89 करोड़ रूपए की राशि प्रदान की गई। इसमें विकासखण्ड दुर्ग के 25,057 किसानों को 8,703.03 लाख रूपए, पाटन के 44,122 किसानों को 16,995.87 लाख रूपए तथा धमधा के 37,651 किसानों को 15,090.54 लाख रूपए की राशि शामिल है।
दुर्ग विकासखण्ड के विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उपाध्यक्ष छ.ग.राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण व विधायक श्री ललित चंद्राकर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कृषक उन्नति योजना को सम्बोधित करते हुए उपाध्यक्ष छ.ग.राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण व विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए बहुत ही ऐतिहासिक दिन है। प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के लिए यह खुशी और गर्व का अवसर है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी पहल की गई है। केन्द्र व राज्य सरकार ने किसानों से किया गया वादा पूरा कर रही है और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। आधुनिक तकनीक और नई-नई कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
किसानों को मोबाइल और अन्य माध्यमों से मौसम और वर्षा की जानकारी उपलब्ध हो जाती है, जिससे वे अपनी खेती का कार्य योजनाबद्ध तरीके से करते हैं। राज्य सरकार द्वारा उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भूमिहीन किसानों को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। आज पूरे छत्तीसगढ़ में किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर की जा रही है। इसे प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि और सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। भारत की 70 से 80 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि से जुड़ी हुई है। किसान ही वह वर्ग है जो पूरे विश्व को अन्न उपलब्ध कराता है। इसलिए किसान को धरती का भगवान कहा जाता है। राज्य सरकार द्वारा हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन ने भी कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के किसानों के खाते में अंतरित की गई राशि पर किसानों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और इसकी पहचान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुई। आज इसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है।
इस अवसर पर कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत निपानी के श्री मुकेश सिंह ठाकुर, रीवागहन(अ) के श्री रमेश कुमार साहू व शंभूराम साहू, बटरेल के श्री चम्पेश्वर साहू व श्री भोकलु राम साहू, कौही के श्री जीवनलाल सोनकर, तर्रा के श्री कमलेश चंद्राकर, औरी से श्री केवल चंद्राकर व श्री संदीप चंद्राकर एवं पचपेडी से श्री महेन्द्र चंद्राकर को उत्कृष्ट कृषि गतिविधियों एवं योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उप संचालक श्री संदीप भोई ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इसी प्रकार विकासखण्ड पाटन के डॉ. खूबचंद बघेल भवन में लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, विकासखण्ड धमधा के मंगल भवन बानबरद अहिवारा में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग दुबे, संयुक्त कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी व श्रीमती सिल्ली थॉमस, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती श्रद्धा साहू व सुश्री प्रिया साहू, श्री सुरेन्द्र कौशिक, उप संचालक कृषि श्री संदीप भोई, जिला सहकारी बैंक सीईओ श्री सुनील वर्मा सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित थे।
cg24 
