आगामी अवसर पर सदन में लोकसभा क्षेत्र के सड़को के सुदृढ़ीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाऊंगा : महेश कश्यप
आगामी अवसर पर सदन में लोकसभा क्षेत्र के सड़को के सुदृढ़ीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाऊंगा : महेश कश्यप
विपक्ष का हंगामा विकास विरोधी मानसिकता का परिचायक: महेश कश्यप
जगदलपुर । आज लोकसभा के शून्यकाल में बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने बस्तर की सड़कों के दुरुस्तीकरण,सुदृढ़ीकरण,चौड़ीकरण एवं आवश्यक उन्नयन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय उठाने के लिए सूचना दी थी। इस विषय को शून्यकाल में उठाने के लिए प्रथम वरीयता भी प्राप्त हुई थी,लेकिन सदन की कार्यवाही बाधित होने के कारण यह विषय सदन में प्रस्तुत नहीं हो सका।
सांसद महेश कश्यप ने अपने प्रस्ताव में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में निर्णायक प्रगति हुई है। क्षेत्र अब शांति,सुरक्षा और विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। ऐसे समय में बस्तर के तीव्र एवं समग्र विकास के लिए मजबूत सड़क कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है।
सांसद कश्यप ने बस्तर लोकसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्गों के सर्वेक्षण,सुदृढ़ीकरण,चौड़ीकरण एवं आवश्यक उन्नयन के साथ साथ पुल पुलियों,बाईपास और जल निकासी की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग प्रस्तावित की थी।
सांसद ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क के माध्यम से बस्तर के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों को जिला मुख्यालयों,शिक्षा,स्वास्थ्य,कृषि बाजार,पर्यटन और रोजगार के अवसरों से बेहतर ढंग से जोड़ा जा सकेगा। इससे क्षेत्र में व्यापार,पर्यटन, कृषि एवं निवेश को गति मिलेगी और बस्तर विकसित भारत की विकास यात्रा से और मजबूती से जुड़ सकेगा।
श्री कश्यप ने कहा कि विपक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही में व्यवधान उत्पन्न किए जाने के कारण आज लोकसभा का शून्यकाल सुचारु रूप से नहीं चल सका और बस्तर की जनता से जुड़ा यह महत्वपूर्ण विषय सदन में नहीं रखा जा सका।
महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर की जनता से जुड़े इस विषय को वे आगामी अवसर पर लोकसभा में प्रमुखता से उठाएंगे और क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।

