स्वतंत्रता दिवस पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने किया ध्वजारोहण’
स्वतंत्रता दिवस पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने किया ध्वजारोहण’

स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति’
स्टेडियम स्कूल ग्राउंड मोहला में हुआ जिला स्तरीय समारोह, हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
रायपुर, 15 अगस्त 2026





जिले में 80 वें स्वतंत्रता दिवस हर्ष व उल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय के स्टेडियम स्कूल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा शांति के प्रतीक श्वेत कपोत व विकास के प्रतीक तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गये। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नम्रता सिंह, उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह मंडावी, अध्यक्ष जनपद पंचायत मोहला श्रीमती गैंदकुवर ठाकुर, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, डीएफओ श्री दिनेश पटेल, एडीएम श्री मिथलेश डोंडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री अनिल गुप्ता, श्री रमेश हिड़ामें, एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।
ध्वजारोहण एवं सलामी के पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया। समारोह में आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने परेड में शामिल जवानों एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने शहीदों के परिवारजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
बच्चों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कर्मचारी हुए सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के स्कूली बच्चों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं संस्कृति की भावना से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहला, द्वितीय स्थान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय मोहला तथा तृतीय स्थान सरस्वती शिशु मंदिर मोहला ने प्राप्त किया। इसी प्रकार परेड मार्च पास्ट प्रदर्शन में प्रथम स्थान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी पुलिस बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल महिला टुकड़ी तथा तृतीय स्थान जिला पुलिस बल नव आरक्षक टुकड़ी ने प्राप्त किया। मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

