छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का होगा आयोजन, 21 अक्टूबर से शुरू होगी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का होगा आयोजन, 21 अक्टूबर से शुरू होगी लीग
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में होने वाली इस लीग को लेकर मंगलवार को रायपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें खेल मंत्री अरुण साव शामिल हुए।
प्रेस वार्ता के दौरान खेल मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 के ऑफिशियल लोगो का अनावरण किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी मौजूद रहे।
6 संभागीय टीमें लेंगी हिस्सा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश की 6 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा, राजनांदगांव और बस्तर की टीमें शामिल होंगी। लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।
नॉकआउट राउंड के आधार पर मुकाबले
लीग में सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता का आयोजन नॉकआउट राउंड के आधार पर किया जाएगा। इसके जरिए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का भी होगा जलवा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टीमों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा। टीमों में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को भी जगह दी जाएगी, ताकि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिल सके।
सरकार और खेल विभाग का उद्देश्य इस लीग के माध्यम से छत्तीसगढ़ में हॉकी के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना और प्रदेश के खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।


