प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सेवा संकल्प के तहत युवाओं ने किया रक्तदान, 50 यूनिट रक्त संग्रहित
- प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्ग स्थित जिला कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए लगभग 50 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले युवाओं को कार्यक्रम के पश्चात प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। युवाओं द्वारा आगे बढ़कर रक्तदान करना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और सेवा भावना को दर्शाता है।
दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने रक्तदान करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। युवाओं का इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न जनसेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। रक्तदान शिविर में युवाओं की सक्रिय भागीदारी यह संदेश देती है कि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा कार्यों को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है। शिविर में हिमांशु सिंह, हर्ष लोढ़ा, अब्दुल्ला कुरैशी, हर्ष चंदेल, उमेश कोटवानी, राम फुटान, तुषार सोनी, सोमू सारथी, तुषार राजपूत, गौरव चन्द्रनिया, शुभम दत्ता सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान किया।


