राहुल गांधी के झूठ और भ्रम की राजनीति को युवाओं ने सिरे से नकारा : भाजयुमो
राहुल गांधी के झूठ और भ्रम की राजनीति को युवाओं ने सिरे से नकारा : भाजयुमो
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऐतिहासिक और शानदार जीत पर कहा है कि दिल्ली विश्वविद्यालय पूरे भारत के छात्रों की सोच और मिजाज को दर्शाता है। यह परिणाम स्पष्ट करता है कि देश के युवाओं और छात्रों का अटूट विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और उनकी राष्ट्र निर्माण की नीतियों पर अडिग है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने सभी विजयी प्रत्याशियों एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। इस चुनाव में एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और सह-सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह की प्रचण्ड विजय के साथ तीन प्रमुख सीटों पर अपना परचम लहराया है। श्री टिकरिहा ने कहा कि यह परिणाम विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी के ‘झूठ की गूंज’ और विभाजनकारी राजनीति की करारी हार है। कांग्रेस और विपक्ष लगातार युवाओं को बरगलाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन देश के जागरूक युवा वर्ग ने सकारात्मक राजनीति, राष्ट्रवाद और विकास के विजन को चुनकर उनके हर दुष्प्रचार को ध्वस्त कर दिया है।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने कहा कि यह विजय सिर्फ एक छात्र संघ चुनाव की जीत नहीं है, बल्कि 'विकसित भारत' के संकल्प को गति देने वाले युवाओं के आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विजयी पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे छात्र हितों और राष्ट्र सेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करेंगे।
--------------------


