कथा वाचक युवराज महाराज को सुरक्षा नहीं देना भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र

कथा वाचक युवराज महाराज को सुरक्षा नहीं देना भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र
कथा वाचक युवराज महाराज को सुरक्षा नहीं देना भाजपा सरकार का दोहरा चरित्र
 
प्रदेश के बाहर के बाबाओं के लिये विमान भेजने है, राज्य के कथावाचक उपेक्षित


रायपुर/24 जनवरी 2026। 
राज्य के प्रसिद्ध कथावाचक एवं भागवताचार्य श्री युवराज महाराज द्वारा अपनी कथाओं के लिये सुरक्षा नहीं देने पर चिंता व्यक्त करना बहुत ही दुखद है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह भाजपा सरकार का असली चरित्र है। एक तरफ तो भाजपा सरकार ढोंग-ढकोसला का प्रचार करने वाले स्वंय भू धीरेन्द्र शास्त्री को लेने, छोड़ने के लिये राज्य शासन का विमान भेजती है। प्रदेश का एक मंत्री उन्हें लेने जाता है, दूसरा मंत्री उनको पहुंचाने जाता है। राज्य सरकार उनको राजकीय अतिथि घोषित कर आव भगत करती है। उनके आगमन से लेकर प्रस्थान तक उनकी कथाओं और तथा कथित दरबार की सुरक्षा में सैकड़ो पुलिस वालो की ड्यूटी लगाई जाती है। दूसरी तरफ राज्य के ही विद्वान आचार्य जो बड़ी शालीनता से छत्तीसगढ़ी भाषा में संस्कृत के मंत्रो के साथ भागवत कथा और भगवत भजन करते है। जिनकी कथाओं में हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्वफूर्त आते है। वहां पर व्यवस्था बनाने के लिये सरकार की तरफ से कोई पुलिस बल नहीं लगाया जाता है यह दुर्भाग्यजनक है।

 
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भागवताचार्य युवराज महाराज छत्तीसगढ़ की थाती है। यह प्रदेश का सौभाग्य है कि वे हमारे प्रदेश के है। उनकी सुमधुर और सु-संस्कृत कथा देश के कोने-कोने में फैल रही है। उनकी कथाओं के लिये सुरक्षा की व्यवस्था करना तथा उनकी स्वयं की भी सुरक्षा करना राज्य सरकार का दायित्व है। राज्य सरकार का उनकी सुरक्षा में लापरवाही बरतना गलत है।
 
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार श्री युवराज महाराज एवं उनकी कथाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर तत्काल ध्यान दें तथा उनके आयोजनों में और उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा में कोई भी बाधा नहीं आये यह सुनिश्चित करे।