मरीन ड्राइव जनता की सैरगाह है, निगम की अवैध वसूली का अड्डा नहीं – विकास उपाध्याय
मरीन ड्राइव जनता की सैरगाह है, निगम की अवैध वसूली का अड्डा नहीं – विकास उपाध्याय
जनता टहले या जेब कटवाए? मरीन ड्राइव में पार्किंग के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं – विकास उपाध्याय
भाजपा सरकार की वसूली नीति का नया मॉडल बिना पार्किंग, बिना सुविधा, सिर्फ शुल्क
रायपुर, 01 फरवरी 2026 तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव में नगर निगम रायपुर द्वारा बिना किसी पार्किंग सुविधा के सड़क पर जबरन पार्किंग शुल्क वसूली किए जाने को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इसे जनता की जेब पर सीधा हमला और भाजपा सरकार की वसूली नीति का उदाहरण बताया।
उपाध्याय ने कहा कि मरीन ड्राइव रायपुर शहर की आम जनता के लिए विकसित एक सार्वजनिक भ्रमण स्थल है, न कि नगर निगम की कमाई का जरिया। यहां लोग पैदल चलने, परिवार के साथ समय बिताने और कुछ पल शांति से बैठने आते हैं, लेकिन भाजपा शासित नगर निगम ने मुख्य सड़क को घेरकर पार्किंग शुल्क वसूली शुरू कर दी है, जो पूरी तरह अवैधानिक है।
उन्होंने कहा कि उक्त स्थान पर न तो कोई अधिसूचित पार्किंग स्थल है, न ही वाहन खड़े करने की कोई समुचित व्यवस्था। इसके बावजूद केवल बोर्ड लगाकर पैसे वसूलना यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार और नगर निगम जनता की सुविधा नहीं, केवल वसूली को प्राथमिकता दे रहे हैं।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस गंभीर मामले को लेकर माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव,सांसद बृजमोहन अग्रवाल रायपुर के विधायकों राजेश मुणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र के माध्यम से उन्होंने मरीन ड्राइव क्षेत्र में की जा रही पार्किंग शुल्क वसूली पर तत्काल रोक लगाने, पूरे मामले की जांच कराने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की है।
उपाध्याय ने सवाल उठाया कि जब पार्किंग की कोई सुविधा ही नहीं है, तो शुल्क किस बात का लिया जा रहा है क्या अब सड़क पर खड़ा होना भी अपराध बना दिया गया है भाजपा की डबल इंजन सरकार में हर सार्वजनिक सुविधा को कमाई का साधन बनाया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम ने मरीन ड्राइव में की जा रही अवैध वसूली तुरंत बंद नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी आम जनता को साथ लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी और इस जनविरोधी निर्णय का पुरजोर विरोध करेगी।
cg24
