पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका 

पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका 
पटवारियों की हड़ताल से धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका  
 
किसान पंजीयन, गिरदावरी सुधार और फार्मर आईडी के काम अटकने की चिंता; सरकार तत्काल निकाले समाधान

रायपुर/23 अक्टूबर 2026।
 छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के चलते धान खरीदी की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका को लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने चिंता जताई है। धान खरीदी किसानों की आजीविका से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में किसानों के पंजीयन से लेकर राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटियों के सुधार तक के कार्य समय पर पूरे होना जरूरी है। धान बेचने के लिए किसानों का पंजीयन, गिरदावरी, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर आईडी और राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटियों का सुधार आवश्यक प्रक्रिया है। पटवारियों की हड़ताल के कारण इन कार्यों में देरी होने पर किसानों को परेशानीयों का सामना करना पड़ सकता है। फौती, नामांतरण, बंटवारा और अन्य राजस्व प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं होने से किसानों के पंजीयन अटकने की आशंका है, जिसका असर धान विक्रय पर भी पड़ सकता है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पटवारी संघ से तत्काल संवाद करना चाहिए। पटवारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल कर हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि राजस्व व्यवस्था सुचारु रहे और धान खरीदी की तैयारियों पर प्रतिकूल असर न पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अव्यवस्था या राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटियों के कारण किसी भी किसान का पंजीयन नहीं रुकना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने मांग की कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। फार्मर आईडी और एग्री-स्टैक पोर्टल से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी दिक्कतों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि किसानों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए और उनकी उपज के विक्रय की प्रक्रिया सुचारू रखी जाए।