सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम बरबसपुर में ‘नमो सेवा गाथा’ की आकर्षक प्रस्तुति
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम बरबसपुर में ‘नमो सेवा गाथा’ की आकर्षक प्रस्तुति

ग्राम बंजी के कलाकारों ने लोककला के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
महतारी वंदन, प्रधानमंत्री आवास, नल-जल से लेकर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)
तक की योजनाओं को किया प्रस्तुत
रायपुर, 01 अक्टूबर 2026
सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम बरबसपुर में ‘नमो सेवा गाथा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम बंजी के कलाकारों ने लोककला, गीत-संगीत एवं संवाद के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और अभियानों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने सरल एवं रोचक अंदाज में योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाते हुए शासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़ने और पात्रतानुसार उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ में शासन की उन योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रमुखता से शामिल किया गया, जिनका सीधा संबंध महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका, आवास, पेयजल, सड़क, बालिका शिक्षा, बचत, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण से है। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को इन योजनाओं के उद्देश्यों एवं उनसे मिलने वाले लाभ की जानकारी दी।
महतारी वंदन से ग्रामीण आजीविका तक योजनाओं की दी जानकारी
कलाकारों ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे आर्थिक सहयोग को अपनी प्रस्तुति में शामिल किया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से संबंधित विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के बारे में भी प्रस्तुति दी गई। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों के पक्के आवास के सपने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की बेहतर सड़क कनेक्टिविटी तथा नल-जल योजना के माध्यम से घरों तक पेयजल पहुंचाने के प्रयासों को लोककला के माध्यम से ग्रामीणों के सामने रखा गया।
बालिका शिक्षा, बचत और पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
‘नमो सेवा गाथा’ में सुकन्या समृद्धि योजना एवं सरस्वती साइकिल योजना को भी शामिल किया गया। कलाकारों ने बालिकाओं की शिक्षा, उनके भविष्य के लिए बचत और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने से जुड़े संदेशों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों तक पहुंचाया।
इसके साथ ही अमृत सरोवर के माध्यम से जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का संदेश दिया गया। कलाकारों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
लोककला बनी जन जागरूकता का प्रभावी माध्यम
कार्यक्रम में ग्राम बंजी के कलाकारों ने स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को जन जागरूकता का माध्यम बनाया। गीत-संगीत, संवाद और प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सहज भाषा में ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। इससे कार्यक्रम मनोरंजक होने के साथ-साथ शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने का माध्यम भी बना। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए जागरूक करना रहा। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि शासन की विभिन्न योजनाएं महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, युवाओं, बालिकाओं एवं जरूरतमंद परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में संचालित की जा रही हैं।
जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जनपद सदस्य, सरपंच, सचिव, मंडल संयोजक, गणमान्य नागरिक सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने ग्राम बंजी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ‘नमो सेवा गाथा’ को देखा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी प्राप्त की। सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। ग्राम बरबसपुर में आयोजित ‘नमो सेवा गाथा’ भी इसी कड़ी का हिस्सा रही, जहां लोककला को जनसंवाद का माध्यम बनाकर शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।


