संविधान की शान, तिरंगे का सम्मान: कलेक्टोरेट बिलासपुर में गरिमामय वातावरण के बीच मनाया गया गणतंत्र दिवस

संविधान की शान, तिरंगे का सम्मान: कलेक्टोरेट बिलासपुर में गरिमामय वातावरण के बीच मनाया गया गणतंत्र दिवस

बिलासपुर से मन्नू मानिकपुरी की रिपोर्ट

बिलासपुर : भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कलेक्टोरेट बिलासपुर सहित नए एवं पुराने कम्पोजिट बिल्डिंग परिसर में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला। सुबह से ही कलेक्टोरेट परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों की चहल-पहल रही और पूरे परिसर को राष्ट्रीय ध्वज एवं सजावटी रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक रूप से सजाया गया था।

गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विधिवत रूप से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रगान की स्वर-लहरियों से गूंज उठा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुशासनबद्ध ढंग से राष्ट्रगान का सामूहिक गायन कर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

ध्वजारोहण उपरांत कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने कलेक्टोरेट परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि आज का दिन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर  अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शासन की योजनाओं को पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रत्येक सदस्य आम नागरिक के जीवन को बेहतर बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाता है।

इस गरिमामय आयोजन में अपर कलेक्टर  शिवकुमार बनर्जी, श्याम सुंदर दुबे सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा संविधान के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और प्रशासनिक एकजुटता की झलक साफ तौर पर देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह और गर्व का भाव नजर आया, जो राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को दर्शाता है।

इसके  कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने अपने निवास कार्यालय  में भी विधिवत रूप से तिरंगा झंडा फहराया और परिवारजनों एवं स्टाफ के साथ गणतंत्र दिवस की खुशियां साझा कीं। जिले में शांति, सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश इस आयोजन के माध्यम से दिया गया।

कलेक्टोरेट में आयोजित यह गणतंत्र दिवस समारोह न केवल प्रशासनिक परंपराओं का प्रतीक रहा, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता को भी मजबूती से दर्शाता नजर आया.