पीएम आवास योजना के कार्यों की हुई समीक्षा
जिला पंचायत कोंडागांव में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत विशेष परियोजना के स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा बैठक आज जिला पंचायत सभा कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कराने तथा लंबित आवासों में निर्माण गति तेज करने पर विशेष जोर दिया। तकनीकी सहायकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने आवंटित ग्राम पंचायतों में नियमित भ्रमण कर हितग्राहियों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का मैदानी स्तर पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, हितग्राहियों को निर्माण सामग्री समय पर उपलब्ध कराने एवं कार्य में गति लाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में विशेष रूप से उल्लेख किया गया कि विशेष परियोजना मद से आत्मसमर्पित एवं नक्सल पीड़ित परिवारों हेतु स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत कोंडागांव जिले में स्वीकृत निर्माणाधीन आवासों को लक्ष्यानुसार समय पर पूर्ण करने एवं प्रगति को तीव्र गति प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जिन ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण की प्रगति कम है, वहां सीईओ जनपद पंचायत, एसडीओ, आरईएस एवं विकासखंड समन्वयक द्वारा स्थल निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, निर्माणाधीन आवासों में कार्य प्रगति हेतु राष्ट्रीय महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के अभिसरण मद से 90 मानव दिवस का मस्टररोल जारी कर कार्यों में तेजी लाने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक (आवास एवं मनरेगा), अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता, एवं आवास निर्माण से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित थे।
cg24
