जिले के अंतिम छोर के गांवों में पहुंचीं कलेक्टर, निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने ग्राम कुधुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि केंद्र का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। साथ ही छात्रावास निर्माण हेतु चिन्हांकित भूमि का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ग्राम तुमड़ीवाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़क से पहुंचीं और विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर प्रत्येक घर तक पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत घरों तक बिजली पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्कूल भवन का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश निर्माण एजेंसी को दिए। उन्होंने नवनिर्मित सड़क का भी अवलोकन किया तथा आवश्यकतानुसार पुल-पुलिया निर्माण के संबंध में संबंधित विभाग को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना तथा आंगनबाड़ी भवन सहित अन्य आवश्यकताओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, डिप्टी कलेक्टर किशोर शर्मा, तहसीलदार विजय प्रताप सिंह, जनपद पंचायत सीईओ उत्तम महोबिया, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ए.आर. मरकाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर के चतुर्वेदी, पीएम जी एस वाई के बलराम ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
cg24 
