केन्द्रीय जेल बिलासपुर में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर विविध कार्यक्रमों की शुरुआत

केन्द्रीय जेल बिलासपुर में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर विविध कार्यक्रमों की शुरुआत

— मन्नू मानिकपुरी, संवाददाता बिलासपुर

बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता पर विशेष फोकस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केन्द्रीय जेल बिलासपुर में 03 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2025 तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य बंदियों के सर्वांगीण विकास, मानसिक स्वास्थ्य सुधार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।

रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत 03 अक्टूबर को जेल स्कूल कक्ष में “जेलों का आधुनिकीकरण” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद 04 अक्टूबर को आर्ट ऑफ लिविंग योग संस्थान द्वारा पुरुष एवं महिला बंदियों के लिए छह दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से बंदियों को अवसाद से बाहर निकालने एवं उनके मानसिक स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

इसी दिन जेल में निरुद्ध मनोरोगी बंदियों की जांच हेतु राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी की टीम — डॉ. प्रशांत रंजन पांडे, श्रीमती विभा बंजिरियार और श्रीमती एंजिलिना वैभवलाल — द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जिसमें लगभग 50 बंदियों की जांच की गई।

बंदियों के मनोरंजन हेतु शतरंज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 40 से अधिक बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रमों की आगामी रूपरेखा के अनुसार —
➡ 05 अक्टूबर को स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
➡ 06 अक्टूबर को नशामुक्ति शिविर का आयोजन होगा।
➡ 07 अक्टूबर को ब्रह्मकुमारी संस्था द्वारा कार्यशाला रखी जाएगी।
➡ 08 अक्टूबर को विधिक सहायता कार्यक्रम, रक्तदान शिविर तथा शहीदों के नाम कार्यक्रम के साथ श्रीमान कलेक्टर बिलासपुर जेल भ्रमण करेंगे।
➡ 09 अक्टूबर को महिला प्रकोष्ठ में रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

जेल अधीक्षक *खोमेश मंडावी* ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनः जोड़ने की दिशा में प्रेरित करना है।