बिलासपुर रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ... थानों की व्यवस्था पर आमजन दे सकेंगे सीधे आईजी को फीडबैक
मन्नू मानिकपुरी संवाददाता बिलासपुर
बिलासपुर :- बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से तैयार ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की उपस्थिति रही। वहीं रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।
इस क्यूआर कोड को स्कैन कर आमजन थाना एवं पुलिस कार्यालयों से जुड़े अपने अनुभव और फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक भेज सकेंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से फीडबैक दर्ज किया जा सकेगा। पहचान और मोबाइल नंबर देना पूरी तरह वैकल्पिक रखा गया है।
यह व्यवस्था बिलासपुर रेंज के सभी आठ जिलों — बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती — के सभी थानों में एक साथ लागू कर दी गई है। कार्यक्रम के दौरान क्यूआर कोड से संबंधित वीडियो प्रेजेंटेशन भी दिया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाएं तथा प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
आईजीपी रामगोपाल गर्ग ने आमजन से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग कर सही और वास्तविक फीडबैक दें, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।



cg24
