उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिलाई शपथ, नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा प्रेस क्लब बिलासपुर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिलाई शपथ, नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा प्रेस क्लब बिलासपुर

मन्नू मानिकपुरी संवाददाता बिलासपुर

बिलासपुर, 20 फरवरी 2026/प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नई टीम को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने की। विशेष अतिथियों के रूप में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर  पूजा विधानी, नगर निगम सभापति  विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष  भरत कश्यप उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई एवं तिलक राज सलूजा की उल्लेखनीय सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान का सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया। उनके नेतृत्व में प्रेस क्लब ने संगठनात्मक मजबूती और पत्रकार हितों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए थे, जिसकी सराहना उपस्थित अतिथियों ने की।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न चुनाव में अजीत मिश्रा प्रेस क्लब बिलासपुर के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर  विजय क्रांति तिवारी, सचिव  संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष  किशोर कुमार सिंह, सह सचिव  हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में  कैलाश यादव चुने गए हैं।

मुख्य अतिथि  अरुण साव ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और एकजुटता के साथ यह टीम बिलासपुर का नाम और ऊंचा करेगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब से अनेक वरिष्ठ पत्रकार निकले हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर शहर को पहचान दिलाई है। नई टीम इस गौरव को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए कहा कि इसमें निरंतर मेहनत, प्रतिबद्धता और निष्पक्षता की आवश्यकता होती है। नए पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने जानकारी दी कि बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण हेतु 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है तथा प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने न्यायधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ प्रेस है। मीडिया न केवल राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखती है बल्कि शहर के हितों के लिए संघर्ष में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रेस क्लब क्षेत्रीय हितों की रक्षा में भी सक्रिय है, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला ने निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना की।

नव निर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया तथा उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह ने प्रेस क्लब की नई टीम के प्रति विश्वास और अपेक्षाओं को नई दिशा दी।