सरस्वती सायकिल योजना के तहत ग्राम कमेला के 17 छात्राओं को मिली निःशुल्क सायकिल
बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित सरस्वती सायकिल योजना के अंतर्गत विकासखंड कोंडागांव के ग्राम कमेला स्थित शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को 17 छात्राओं को निःशुल्क सायकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि सरस्वती सायकिल योजना बालिकाओं की नियमित विद्यालयीन उपस्थिति बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा शिक्षा के प्रति उनकी रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सायकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे वे बिना किसी बाधा के नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपने जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम कमेला में परमानंद के घर से बदर के घर तक सी.सी. सड़क एवं शेड निर्माण कार्य (लागत ₹5.20 लाख) तथा शासकीय हाई स्कूल कमेला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य (लागत ₹5.00 लाख) का भूमिपूजन भी किया गया। कुल ₹10.20 लाख की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदई नाग, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनिता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र सिंह ठाकुर, जनपद सदस्य श्रीमती फागेश्वरी, श्री प्रेम सिंह नाग, श्री सुरेश कुमार देवांगन, श्री सुरेश देवांगन, श्री बालसिंह बघेल, श्री संतोष पात्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।