विधायक एवं कलेक्टर ने बेवरती-मोहपुर सीसी रोड़ एवं पुलिया का लोकार्पण किया क्षेत्र के ग्रामीणों को मिली पक्की सड़क की सौगात
कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम एवं कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज सुबह ग्राम बेवरती से मुनगाडीह-मोहपुर (2.5 कि.मी.) लंबी सी.सी. रोड एवं पुलिया का लोकार्पण किया। इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र के लगभग आधे दर्जन ग्रामों के ग्रामीणों को आवागमन एवं परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि यह मार्ग वर्षों से जर्जर होने के कारण पुषवाड़ा, मोहपुर, व्यासकोंगेरा, सिंगारभाट सहित आसपास के अनेक गांवों के नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ था। विशेषकर बरसात के दिनों में आवागमन अत्यंत कठिन हो जाता था। क्षेत्रवासियों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को प्राथमिकता देते हुए सी.सी. रोड एवं पुलिया का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ। इस दौरान विधायक श्री नेताम ने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को अब सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को प्रतिदिन बड़ा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस दौरान विधायक एवं कलेक्टर ने प्राथमिक शाला नयापारा बेवरती का अवलोकन कर शिक्षकों तथा विद्यार्थियों से रूबरू होकर चर्चा की।

