सुशासन तिहार: बड़ेकनेरा में मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के हितग्राहियों से किया संवाद
सुशासन तिहार: बड़ेकनेरा में मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के हितग्राहियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्री साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र खुटगुड़ा, बड़ेकनेरा का अवलोकन कर बच्चों से मुलाकात की तथा उनकी शिक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित हितग्राहियों एवं ग्रामीणों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे प्राप्त लाभ के संबंध में संवाद कर फीडबैक भी लिया।
महतारी वंदन योजना से लाभान्वित श्रीमती संतोषी भोयर ने मुख्यमंत्री को बताया कि योजना से प्राप्त प्रति माह 1,000 रुपये की सहायता राशि से उन्होंने अपना ब्यूटी पार्लर व्यवसाय प्रारंभ किया है। इसी प्रकार श्रीमती संपत्ती माणिकपुरी ने बताया कि उन्होंने योजना से प्राप्त सहायता का उपयोग कर सब्जी व्यवसाय शुरू किया है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लाभान्वित श्रीमती सुरिका पटेल एवं श्रीमती खेमलता कोर्राम को मुख्यमंत्री द्वारा प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। योजना के अंतर्गत प्रथम संतान के जन्म पर 5,000 रुपये तथा दूसरी संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिससे गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से लाभान्वित श्रीमती डूमनी यादव एवं श्रीमती हिरादेई पांडे ने योजना से प्राप्त सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने बालिकाओं कु. अंजू कोर्राम एवं कु. पदमनी नेताम का अन्नप्राशन संस्कार कराया। वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने धात्री माताओं श्रीमती मनिता मरकाम एवं श्रीमती गुड़िया मरकाम की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई। सक्षम योजना के अंतर्गत श्रीमती मनई यादव को छत्तीसगढ़ महिला कोष से लाभान्वित किया गया। साथ ही एकता स्व-सहायता समूह, बड़ेकनेरा को भी योजना का लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में काव्यांश एवं रोशनी को सुपोषण किट तथा किशोरी बालिकाओं प्रिया नेताम, महिमा, नंदनी पटेल, पुष्पा नायक एवं हिना को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से हाइजीन किट वितरित की गई।
इस अवसर पर एक अभिनव पहल के रूप में ‘जागरूक पिता अभियान’ का शुभारंभ भी किया गया। अभियान के अंतर्गत ऐसे पिताओं को सम्मानित किया गया जो अपने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास के प्रति सजग हैं तथा नियमित रूप से उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र तक लेकर जाते हैं। चयनित पिताओं को बेंच एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभियान का उद्देश्य समुदाय में पिताओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाना तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं माताओं के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की।
cg24 
