दो माह का एकमुश्त चावल देने की घोषणा हवा हवाई - कांग्रेस’
दो माह का एकमुश्त चावल देने की घोषणा हवा हवाई - कांग्रेस’
’25 लाख से अधिक हितग्राहियों को सितंबर का ही राशन नहीं मिला’
रायपुर/29 सितंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर गरीबों के राशन के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने सितंबर और अक्टूबर का दो माह का चावल एकमुश्त देने की बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो कर दीं, लेकिन जमीनी स्तर पर राशन वितरण की व्यवस्था ही चरमरा गई। सितंबर खत्म होने में चंद दिन शेष हैं और प्रदेश में 25 लाख से अधिक राशन कार्डधारी परिवारों को सितंबर का चावल तक नहीं मिल पाया है। सरकारी पोर्टल पर भी 24 सितंबर तक सितंबर माह में लगभग 57.43 लाख कार्डों पर ही वितरण दर्ज है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की घोषणा कागज पर दो माह के राशन की है, लेकिन गरीब की राशन दुकान पर पहुंचते ही व्यवस्था का सच सामने आ जाता है। कहीं चावल का स्टॉक नहीं है, कहीं परिवहन की समस्या है और कहीं सॉफ्टवेयर में अतिरिक्त आवंटन दिखाई नहीं दे रहा है। नतीजा यह है कि गरीब हितग्राही राशन दुकान के चक्कर काटने को मजबूर हैं। रायपुर सहित कई जिलों में दुकानों में चावल नहीं पहुंचने और अतिरिक्त आवंटन सॉफ्टवेयर में नहीं दिखने की शिकायतें सामने आई हैं। सरकार ने दो माह का राशन देने की घोषणा करने से पहले पर्याप्त परिवहन, भंडारण, अतिरिक्त स्टॉक और सॉफ्टवेयर व्यवस्था सुनिश्चित क्यों नहीं की? जब व्यवस्था तैयार नहीं थी तो गरीबों के बीच वाहवाही लूटने के लिए घोषणा क्यों की गई? यह गरीबों के साथ मजाक नहीं तो और क्या है?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद गरीबों को अपने ही हक का चावल पाने के लिए बार-बार परेशान होना पड़ रहा है। कभी ई-केवाईसी के नाम पर राशन रोका जाता है, कभी राशन कार्ड नवीनीकरण के नाम पर परेशानी खड़ी की जाती है और अब दो माह का राशन देने की घोषणा करके सितंबर का राशन तक समय पर नहीं पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों से खराब, सड़ा और बदबूदार चावल मिलने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों से उचित मूल्य दुकानों तक चावल की गुणवत्ता और स्टॉक की निगरानी किस स्तर पर हो रही है। यदि उच्च गुणवत्ता के चावल के स्थान पर घटिया चावल पहुंचाया जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जाए।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार गरीबों के राशन को लेकर सिर्फ विज्ञापन और घोषणाओं का खेल बंद करे। राशन दुकान में चावल नहीं है तो हितग्राही को सॉफ्टवेयर की खराबी का बहाना बताकर वापस भेजना बंद किया जाए। जिन दुकानों में तकनीकी समस्या है वहां तत्काल मैन्युअल वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसका पूरा राशन दिया जाए। कांग्रेस मांग करती है 25 लाख से अधिक वंचित हितग्राहियों को तत्काल सितंबर का राशन उपलब्ध कराया जाए। सितंबर और अक्टूबर का घोषित दो माह का चावल एकमुश्त दिया जाए।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी होने पर मैन्युअल वितरण की व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। राशन दुकानों में पर्याप्त स्टॉक और परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खराब अथवा सड़े चावल की शिकायतों की जिला स्तर पर जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम से लेकर राशन दुकान तक चावल की स्टॉक और गुणवत्ता की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। गरीब के पेट का चावल भाजपा सरकार की प्रचार सामग्री नहीं है। सरकार घोषणाओं की बाजीगरी छोड़कर यह सुनिश्चित करे कि हर पात्र परिवार को समय पर, पूरा और गुणवत्तापूर्ण राशन मिले।


