बाल दिवस पर दुर्ग में विधिक जागरूकता का व्यापक अभियान

बाल दिवस पर दुर्ग में विधिक जागरूकता का व्यापक अभियान
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग द्वारा बाल दिवस के अवसर पर जिले के कई कॉलेज, विद्यालयों बी.एम. कॉलेज दुर्ग, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उच्च माध्यमिक विद्यालय दुर्ग, शासकीय माध्यमिक शाला पोटिया सहित अन्य स्थानों पर विधिक साक्षरता शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग के कुल छह माननीय न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।
बी.एम. कॉलेज दुर्ग में आयोजित शिविर में माननीय न्यायाधीश ने बच्चों को बाल दिवस मनाने के उद्देश्य के साथ-साथ घरेलू हिंसा अधिनियम, संविधान में दिए गए अधिकार एवं कर्तव्य, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, मोटरयान अधिनियम तथा करियर दिशा-निर्देशन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी उच्च माध्यमिक विद्यालय दुर्ग में आयोजित शिविर में तीन माननीय न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों को बाल दिवस के महत्व, साइबर अपराधों से बचाव और करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें सरल भाषा में समझाईं।
शासकीय माध्यमिक शाला पोटिया में आयोजित शिविर में दो माननीय न्यायाधीश उपस्थित थे। उन्होंने बच्चों को कानून और न्याय की बुनियादी अवधारणाओं को सरल शब्दों में बताया, न्यायालय द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा विद्यार्थियों के सभी प्रश्नों का समाधान भी किया। साथ ही उन्होंने बच्चों को न्यायालय भ्रमण के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि वे न्यायिक प्रक्रिया को नज़दीक से समझ सकें।
इन सभी कार्यक्रमों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के पी.एल.वी. ने बाल अधिकार, बाल सुरक्षा और बच्चों की कानूनी जागरूकता को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रयास किए। इन शिविरों से छात्रों को व्यापक रूप से लाभ मिला और उन्होंने कानून तथा अपने अधिकारों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

ःः000ःः

 
85 वें बैच आरक्षक / जीडी के बुनियादी कोर्स का प्रशिक्षण पूर्ण होने पर भव्य दीक्षान्त समारोह संपन्न
 
केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, आरटीसी उतई, भिलाई में आज 85 वें बैच आरक्षक / जीडी के बुनियादी कोर्स का प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। कई वर्षों के बाद इस वर्ष 2000 से अधिक आरक्षक / जीडी को प्रशिक्षण प्रदान कर आरटीसी भिलाई द्वारा अपनी क्षमता तथा दक्षता का अभूतपूर्व प्रदर्शन किया गया। 43 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के दौरान, प्रशिक्षणार्थियों को सामान्य सुरक्षा प्रशिक्षण के अतिरिक्त परमाणु ऊर्जा केन्द्रो, अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्रों, हवाई अड्डो, मेट्रो रेल्वे आदि जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से संबंधित गहन प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस दीक्षांत समारोह का मुख्य आकर्षण प्रशिक्षणार्थियों द्वारा शारीरिक दक्षता एवं सुरक्षा कौशल पर आधारित उनके द्वारा प्रस्तुत किये गये विभिन्न डेमोस्ट्रेशन रहे। जिनकी प्रस्तुति ने समारोह में उपस्थित दर्शक दिर्घा को हतप्रभ एवं मंत्रमुग्ध कर दिया। इन डेमो मे साईलेन्ट ड्रील, मलखम्भ, एवं वैपन टैक्टिक्स आदि पर आधारित डेमो शामिल हैं। दीक्षांत परेड में कुल 2063 प्रशिक्षार्थियों ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व आरक्षक / जीडी आर्यन शर्मा द्वारा किया गया। इस समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती नीलिमा रानी सिंह, महानिरीक्षक, मध्य क्षेत्र मुख्यालय, भिलाई ने परेड की सलामी ली। क्षेत्रीय प्रशिक्षण केन्द्र आरटीसी भिलाई के उप महानिरीक्षक / प्राचार्य श्री रोहित कटियार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया ।
उप महानिरीक्षक / प्राचार्य श्री रोहित कटियार ने अपने स्वागत भाषण और कोर्स रिपोर्ट में बताया कि इस बैच मे विभिन्न राज्यों से आए 2063 प्रशिक्षणार्थियों को 43 सप्ताह का कठिन व समग्र प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान औद्योगिक एवं आंतरिक सुरक्षा के अलावा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता, मानव अधिकार फील्ड क्राफ्ट, अनआर्म्‍ड कौम्बँट, ड्रोन प्रशिक्षण तथा विभिन्न आधुनिक हथियारों का सम्पूर्ण एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
दीक्षांत समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती नीलिमा रानी सिंह,महानिरीक्षक, मध्य क्षेत्र मुख्यालय, भिलाई ने अपने संबोधन में प्रशिक्षणार्थियों को राष्ट्र की बदलती परिस्थितियों व आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं को सुरक्षा दायित्वों का निर्वहन करने के लिए सदैव तैयार रखने का आह्वान किया, उन प्रशिक्षणार्थियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पूर्ण समर्पण भाव से करने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल जैसे अत्यंत विशिष्ट बल के माध्यम से राष्ट्र सेवा का अवसर प्राप्त करने पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्राफी व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों आरक्षक / जीडी - आर्यन शर्मा को आलराउंड बेस्ट ट्रॉफी प्रदान की गई। आरक्षक / जीडी शाहिद रहमान कुमार को आंतरिक विषयों में बेस्ट ट्रॉफी प्रदान की गई। आरक्षक / जीडी सूरज कुमार को आउटडोर विषयों में बेस्ट ट्रॉफी प्रदान की गई। आरक्षक / जीडी तोपेश अम्बुले को चांदमारी (फायरिंग) में बेस्ट ट्रॉफी प्रदान की गई।