स्मार्ट सिटी रायपुर की हकीकत : मुख्य मार्ग के गड्ढे में झाड़ी, बदहाल व्यवस्था
स्मार्ट सिटी रायपुर की हकीकत: खालसा स्कूल के सामने मुख्य मार्ग के गड्ढे में झाड़ी, बदहाल व्यवस्था
रायपुर
जिसे प्रदेश की राजधानी होने के साथ-साथ “स्मार्ट सिटी” के रूप में भी पहचान मिली है, वहां की जमीनी हकीकत कई बार सवाल खड़े कर देती है। खालसा स्कूल के सामने मुख्य मार्ग का यह दृश्य स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोलता नजर आता है।
चित्र में साफ देखा जा सकता है कि व्यस्त चौराहे के बीचों-बीच गड्ढे से किसी की दुर्घटना ना हो जाए इसलिए वहां किसी ने झाड़ी लगा दी है |
ऐसे में यह किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक और आम नागरिक गुजरते हैं। पास ही स्कूल भवन, आवासीय क्षेत्र और व्यावसायिक गतिविधियां हैं, जिससे यह क्षेत्र हमेशा व्यस्त रहता है। बावजूद इसके, सड़क के बीचों-बीच इस तरह की लापरवाही कई सवाल खड़े करती है—
क्या यह कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है?
क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी नहीं है?
या फिर शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई?
स्मार्ट सिटी परियोजना का उद्देश्य बेहतर सड़कें, सुरक्षित यातायात, व्यवस्थित शहरी सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं का उन्नयन है। लेकिन जब मुख्य मार्गों पर ही इस तरह की अव्यवस्था दिखे, तो आम नागरिकों का विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है।
नगर निगम और संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लेकर इस स्थान की मरम्मत करवाएं और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो, यह सुनिश्चित करें।
राजधानी क्षेत्र में यह एकमात्र अव्यवस्था नहीं है इसके अलावा भी पूरे शहर में अनेक ऐसी दुर्घटना जन्य स्थितियां दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रही हैं |
cg24 
