प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के दौरे पर रहेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के दौरे पर रहेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई, 2026 को तीन देशों (इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड) की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। पीएम मोदी सोमवार को इंडोनेशिया के लिए रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय ने 3 जुलाई को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी हैं।

6 से 8 जुलाई को पीएम मोदी इंडोनेशिया रहेंगे

इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री मोदी 6-8 जुलाई, 2026 को इंडोनेशिया की यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री की चौथी और मई 2018 में भारत-इंडोनेशिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिलने के बाद पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक जकार्ता में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और दोनों देशों के बीच साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वह भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री योग्याकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रांबानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे, जो भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक संबंधों का प्रमुख प्रतीक माना जाता है।

दोनों देशों के बीच रिश्ते दशकों पुराने हैं। इंडोनेशिया के पहले राष्ट्रपति सुकर्णो 1950 में भारत के पहले गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि बने थे। दुनिया में हिंदू देवता की सबसे ऊंची प्रतिमा भी इंडोनेशिया में स्थित है। 

8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया रहेंगे पीएम मोदी

इंडोनेशिया के बाद, प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न का दौरा करेंगे। यह यात्रा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर हो रही है। मेलबर्न में, प्रधानमंत्री मोदी, प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगे और दोनों देशों के प्रमुख उद्योगपतियों को संबोधित करेंगे। साथ ही, भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

पीएम मोदी 10-11 जुलाई आधिकारिक यात्रा के लिए जाएंगे न्यूज़ीलैंड

इसके बाद, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन के निमंत्रण पर पीएम मोदी 10-11 जुलाई, 2026 को आधिकारिक यात्रा के लिए ऑकलैंड जाएंगे। प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन ने 3 जुलाई को एक एक्स पोस्ट में लिखा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत के प्रधानमंत्री अगले हफ़्ते न्यूज़ीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। भारत दुनिया की सबसे बड़ी और तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, और न्यूज़ीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बहुत महत्वपूर्ण देश है।

उन्होंने कहा, “हम अप्रैल में हुए न्यूज़ीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के ज़रिए दोनों देशों के रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। इससे न्यूज़ीलैंड में ज़्यादा नौकरियां मिलेंगी, निर्यात बढ़ेगा और आर्थिक विकास मज़बूत होगा। इससे 1.4 अरब लोगों के बाज़ार में हमारे सामान और सेवाओं के निर्यात को बढ़ाने के नए मौके खुलेंगे – जिससे कीवी समुदायों में ज़्यादा पैसा आएगा, नौकरियां पैदा होंगी और वेतन बढ़ेगा।”

किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा

करीब चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी। ऑकलैंड में प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता व्यापार, वाणिज्य, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा करेंगे, जिनमें पिछले दो वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, ऑकलैंड में प्रधानमंत्री प्रमुख कारोबारी और खेल जगत की हस्तियों से भी बातचीत करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान भारतीय समुदाय के लोगों की एक बड़ी सभा को संबोधित करेंगे।