बिलासपुर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, ₹827 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड को लेकर तोखन साहू ने गडकरी से की मुलाकात

बिलासपुर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, ₹827 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड को लेकर तोखन साहू ने गडकरी से की मुलाकात

मन्नू मानिकपुरी संवाददाता बिलासपुर

बिलासपुर - बिलासपुर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद *तोखन साहू ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिलासपुर के लिए प्रस्तावित ₹827.20 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

बैठक में तोखन साहू ने बताया कि बिलासपुर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह रिंग रोड परियोजना शहर की सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत आवश्यकताओं में शामिल है। प्रस्तावित रिंग रोड NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी, जिससे भारी मालवाहक वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से औद्योगिक, व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रा का समय कम होगा तथा बिलासपुर के समग्र शहरी विकास को नई गति मिलेगी।

तोखन साहू ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया कि परियोजना के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे और ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इन सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर परियोजना को जल्द से जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने का आश्वासन दिया। परियोजना के साकार होने पर बिलासपुर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और आधारभूत विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है.