युवाओं के सहयोग से विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा - किरण सिंह देव

युवाओं के सहयोग से विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा - किरण सिंह देव
भारतीय जनता युवा मोर्चा रायपुर संभाग बैठक संपन्न

युवाओं के सहयोग से विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा - किरण सिंह देव

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष राहुल टिकरिया की उपस्थिति में मोर्चा की प्रथम बैठक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में रखी गई। बैठक में पूरे रायपुर संभाग के रायपुर शहर, रायपुर ग्रामीण, धमतरी, गरियाबंद, बलौदाबाज़ार-भाटापारा और महासमुंद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया सहित युवा मोर्चा की रायपुर संभाग की बैठक में उपस्थित सभी छः ज़िले से बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने संघ के कार्यक्रमों की जानकारी व ज़मीनी स्तर पर सुचारू रूप से करने के लिए मार्गदर्शन दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि आज की राजनीति में युवा मोर्चा की भूमिका महत्वपूर्ण है। आज भाजपा में जितने भी वरिष्ठ हैं, सब भाजयुमो से ही निकले हैं और आज भी भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं। भाजपा युवा मोर्चा को संगठन के कार्य के साथ ही साथ सरकार के उपलब्धियों को भी जनता के बीच ले कर के जाना है। आज हमारी राष्ट्रीय, प्रदेश, निगम, पंचायत सभी जगह सरकार है। भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से सब हुआ है। हम सबको संयम शांत रहकर कार्य करना है। हमारी सरकार की उपलब्धि जनता तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सहयोग से विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

हमारी शक्ति ही युवा मोर्चा  है - पवन साय

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने नवीन भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया व प्रदेश भाजपा के महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, नवीन मार्कण्डेय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर युवा मोर्चा को अपने-अपने स्तर पर संघ के बातें एवं कार्य व संघ के संघर्ष की जानकारी जनता तक पहुँचाना है। उन्होंने संघ के पाँच विषय पर्यावरण, सामाजिक समरसता, शिष्टाचार, कुटुम्ब प्रबोधन और स्वदेशी के विषय में बताया और कहा कि संघ के इन पाँच विषयों को जनता के बीच कार्यकर्ता को पहुँचाना है और लोगों को इससे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा ही हमारी शक्ति है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने सभी कार्यकर्ताओं और भाजपा के वरिष्ठों को अपने प्रति व्यक्त विश्वास के लिए धन्यवाद दिया। भाजयुमो अध्यक्ष टिकरिया ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं और हम सबको मिलकर इस कार्यक्रम को भव्य बनाना है।

इस बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, जगन्नाथ पाणिग्रही, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, पूर्व महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रामू जगदीश रोहरा, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, भाजयुमो महामंत्री उपकार चंद्राकर, अंकित जयसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष रितेश मोहरे, रोहित माहेश्वरी, हरिओम साहू प्रदेश मंत्री प्रखर मिश्रा, प्रदेश मीडिया युवा मोर्चा प्रभारी विकास मित्तल, अभिषेक धनगर, सभी ज़िलों के अध्यक्ष महामंत्री व पदाधिकारी उपस्थित थे।

--------------------------------

भाजपा नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सम्हाला दायित्व

प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी व नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग एवं सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी ने किया पदभार ग्रहण


रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी व नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीराम गर्ग एवं सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी ने पदभार ग्रहण कर विधिवत रूप से अपना-अपना दायित्व संभाला। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, विधायक रोहित साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही निवर्तमान प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा, संजय श्रीवास्तव, भरतलाल वर्मा, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पदभार ग्रहण के लिए नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामना देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन किया एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी पदाधिकारी राष्ट्र प्रथम के भाव को लक्ष्य में रखकर पार्टी के विस्तार और संगठनात्मक गतिविधियों से जन-जन के जुड़ाव के कार्य में जुटेंगे। विधानसभा, लोकसभा, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों से लेकर संगठन महापर्व सदस्यता अभियान तक पार्टी पदाधिकारी के तौर पर कार्यकर्ताओं के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जन समर्थन और सदस्यता अभियान में लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने में उनकी भूमिका का विशेष तौर पर उल्लेख करते हुए भाजपा अध्यक्ष  श्री देव ने कहा कि अब हमें जन समर्थन और संगठन के विस्तार को सुविचारित दिशा प्रदान करते हुए हर क्षण कार्य में जुटे रहने के लिए संकल्पित होना है।