सौर ऊर्जा से खेती कर किसान और उपभोक्ता बन सकते हैं ऊर्जा उत्पादक- स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव
सौर ऊर्जा से खेती कर किसान और उपभोक्ता बन सकते हैं ऊर्जा उत्पादक- स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव
- मंत्री श्री यादव पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और पीएम-कुसुम योजना की कार्यशाला में हुए शामिल
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और पीएम-कुसुम योजना पर आज दुर्ग के वृन्दावन होटल में एक विस्तृत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और किसानों के बीच इन योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना था, ताकि वे सौर उर्जा का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सके।
कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने योजनाओं की महत्ता को बताते हुए आम नागरिकों, किसानों, ऊर्जा उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम एवं सौर ऊर्जा आधारित कृषि पंप जैसी पहलों के लिए प्रोत्साहित किया। मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि एवं भारत देश के नागरिकों को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वच्छ एवं सस्ती हरित बिजली उपलब्ध कराने के दृष्टिकोण से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का शुभारंभ फरवरी 2024 में किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत आवासीय भवनों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ता न सिर्फ अपनी बिजली की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली का उत्पादन करके उसे ग्रिड में बेचकर आर्थिक लाभ भी कमा सकते हैं। मंत्री श्री यादव ने कहा अब देश के नागरिक उपभोक्ता नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक बन सकते हैं। देश का हर नागरिक ऊर्जा क्षेत्र मं आत्मनिर्भर बने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बने। मंत्री श्री यादव ने किसानों के हित में चल रही पीएम-कुसुम योजना की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से किसानों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे वे बिजली से चलने वाले पंपों की जगह सोलर पंप का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा जो किसान परंपरागत खेती के लिए ट्यूबवेल आदि का उपयोग करते हैं, वे अब सौर ऊर्जा के माध्यम से खेती कर सकते हैं। यह न केवल उनके खर्चों को घटाएगा, बल्कि उन्हें ऊर्जा उत्पादक भी बनाएगा।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाई गई हर योजना जनहित और राष्ट्रहित की मूल भावना से प्रेरित होती है। श्री बघेल ने कहा कि जहां एक ओर कृषि भूमि का दायरा घट रहा है, तो वहीं जनसंख्या में तीव्र वृद्धि हो रही है। इसके परिणामस्वरूप देश प्रदूषण, कचरा प्रबंधन, जल संकट और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे समय में प्राकृतिक ऊर्जा स्रोत, विशेष रूप से सौर ऊर्जा, एक स्थायी समाधान बनकर उभरे हैं। उन्होंने कहा भगवान सूर्य से प्राप्त ऊर्जा असीम है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस शक्ति को पहचाना और इसी को ध्यान में रखते हुए सौर ऊर्जा आधारित योजनाएं शुरू कीं। इन योजनाओं से हमें मुफ्त बिजली भी मिलेगी और आमदनी भी बढ़ेगी। इस दौरान सांसद श्री विजय बघेल एवं विधायक श्री ललित चंद्राकर ने सूर्य रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि भारत आज ग्रीन (हरित) ऊर्जा की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रहा है और इसका श्रेय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है, जिन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में दूरदृष्टि का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से सूर्य की शक्ति को ऊर्जा में बदलने पर जोर दे रहे हैं, उसका देशभर में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। आज देश के हजारों लोग अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली के उत्पादक और उपभोक्ता दोनों बन चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री बघेल ने पीएम सूर्यघर योजना के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और पीएम कुसुम योजना के 08 लाभार्थियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान इन योजनाओं के प्रति लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए दिया गया। इसके उपरांत जीआईजेड इंडिया के प्रतिनिधि श्री निलांजन घोष द्वारा प्रतिभागियों को योजनाओं से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही प्रश्न-उत्तर का भी आयोजन किया गया, जिससे लाभार्थियों और इच्छुक लोगों को अपने संदेह दूर करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर सीएसपीडीसीएल निदेशक आर.ए.पाठक, कार्यपालक निर्देशक एस.के.गजपाल, मुख्य अभियंता संजय खंडेवाल, नागार्जुन बिम्बिसार अधीक्षण अभियंता आर एंड पीएम, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एच.के.मेश्राम, कार्यपालक निदेशक राजनांदगांव शिरीष शैलेट, अधीक्षण अभियंता एस मनोज, आर के मिश्रा एवं जे जगन्नाथ प्रसाद एवं विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
ःः000ःः
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने आज पूर्व माध्यमिक शाला सिकोलाभांठा दुर्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, संसाधनों और दैनिक गतिविधियों का जायजा लिया। मंत्री श्री यादव ने स्कूल प्रबंधन और विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता को नजदीक से समझने का प्रयास किया।
पूर्व माध्यमिक शाला सिकोलाभांठा के प्रधानाध्यापक ई. रॉय ने मंत्री श्री यादव को विद्यालय के समग्र प्रबंधन और दैनिक कार्यप्रणाली से विस्तार से अवगत कराया। मंत्री ने स्कूल भवन, उपलब्ध संसाधनों, और अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं जैसे कि भवन और अन्य शैक्षिक संसाधनों को और बेहतर बनाने की दिशा में तत्काल आवश्यक कदम उठाएं। मंत्री गजेन्द्र यादव ने कक्षा में जाकर बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने छात्रों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानने के लिए कई सवाल पूछे। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के अपनी बातें उनके सामने रखीं। मंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
-जुनवानी निवासियों ने तालाब की सफाई के लिए दिया आवेदन
- जनदर्शन में आज 88 आवेदन प्राप्त हुए
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, विवाह प्रोत्साहन राशि, तालाब की साफ-सफाई, नाली निर्माण,ट्रांसफामर मरम्मत, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 88 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में खुर्सीपार निवासियों ने असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों की शिकायत की। उन्होंने बताया कि खुर्सीपार क्षेत्र के नवीन कॉलेज मैदान, उड़िया स्कूल मैदान, श्रीराम चौक ग्राउंड, आईआईटी ग्राउंड, बाल मंदिर ग्राउंड और पंप हाउस ग्राउंड (जोन-3) में देर रात शराबखोरी और असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों के कारण स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों, को रात में बाहर निकलना दूभर हो गया है। कलेक्टर ने इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
ग्राम घोठा धमधा ग्रामवासियों ने अटल ज्योति योजना के तहत लगे ट्रांसफार्मर को सुधारवाने आवेदन दिया। ग्रामवासियों ने बताया कि ग्राम घोठा का अटल ज्योति योजना के तहत लगा ट्रांसफार्मर कई दिनों से खराब हो गया है। इस संबंध में संबंधित विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इस पर कलेक्टर ने बिजली विभाग को परीक्षण कर कार्यवाही करने निर्देशित किया।जुनवानी निवासियों ने तालाब की सफाई के लिए आवेदन दिया। वार्डवासियों ने बताया कि जुनवानी शीतला तालाब एवं खम्हरिया शीतला में अपने वार्डवासी दिनचर्या का कार्य करते है। उक्त दोनों तालाब जलकुम्भी से भर चुके हैं, जिससे वार्डवासियों को बहुत ही दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैै। इस पर कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत भरदा के निवासियों ने शासकीय भूमि में अवैध मकान निर्माण की शिकायत की। सुपेला भिलाई की एक विधवा महिला श्री तिदास ने ‘एक बत्ती कनेक्शन’ के लिए आवेदन किया। उन्होंने बताया कि वे अकेली और अत्यंत निर्धन हैं। विगत दिवस बारिश के चलते मकान ढह जाने के कारण आर्थिक मदद की मांग की। वार्ड 52 सुंदर नगर बोरसी की रहने वाली सुनीता केरकेट्टा ने अपने निवास क्षेत्र में पानी निकासी की समस्या के निराकरण हेतु, ग्राम गोता की निवासी रमा ने विवाह प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन के संबंध में, ग्राम बेलौदी निवासी ने किसान आई.डी. बनवाने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि पंजीयन नहीं होने के कारण उन्हे धान बेचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभी प्रकरणों को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण करने निर्देशित किया।
ःः000ःः
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 24 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खाड़ा जिला दुर्ग निवासी श्रीमती सुधा बाई यादव की विगत 07 फरवरी 2024 को आग में जल जानेे के पश्चात् डी.के.एस. सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रायपुर में उपचार के दौरान 14 फरवरी 2024 को मृत्यु हो गई थी। इसी प्रकार ग्राम बोरिद तहसील पाटन जिला दुर्ग निवासी हार्दिक यादव की विगत 21 जनवरी 2024 को तालाब के पानी में डुबने से एवं ग्राम घुघवा (अमलेश्वर) तहसील पाटन जिला दुर्ग निवासी किशोर कुमार नेताम की विगत 08 मार्च 2024 को गहरे पानी में डूब जाने से मृत्यु हुई थी। लेवर केम्प भागवत चौक केम्प भागवत चौक जामुल तहसील भिलाई-03 जिला दुर्ग निवासी तुलाराम सिन्हा की विगत 20 जुलाई 2024 को सर्प के कांटने से मृत्यु हो गयी थी। ग्राम जामगांव (एम) तहसील पाटन जिला दुर्ग निवासी मनीष चन्द्राकर तालाब के पानी में डूबने से विगत 17 अक्टूबर 2023 को मृत्यु हो गयी थी। कान्ट्रेक्टर कॉलोनी वार्ड न. 06 वैशाली नगर सुपेला भिलाई तहसील व जिला दुर्ग निवासी श्री विकास यादव की विगत 07 अगस्त 2023 को नदी मेें डूबने से मृत्यु हो गयी थी।
कलेक्टर द्वारा शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के अनुरूप स्व. श्रीमती नीता बाई के पति प्रहलाद यादव को, बालक हार्दिक यादव के पिता दामेन्द्र यादव को स्व. किशोर कुमार नेताम की पत्नी श्रीमती सरस्वती नेताम को, स्व. तुलाराम सिन्हा की पत्नी श्रीमती भुनेश्वरी सिन्हा को, स्व. मनीष चन्द्राकर की पत्नी श्रीमती ज्योति चन्द्राकर को तथा स्व. विकास यादव के पिता विनय यादव को 4-4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
ःः000ःः
कलेक्टर अभिजीत सिंह निर्देश के परिपालन में जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा ने आज विकासखंड पाटन के शासकीय प्राथमिक शाला अटारी, पीएमश्री पूर्व माध्यमिक शाला अखरा, प्राथमिक शाला सिकोला, पूर्व माध्यमिक शाला सिकोला एवं हाई स्कूल सिपकोना तथा विकासखंड दुर्ग के सेजस हिंदी मध्यम विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व माध्यमिक शाला सिकोला के विद्यालय परिसर में उगे हुए घास को बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल साफ करने निर्देश दिए। सभी विद्यालयों में संचालित मध्यान भोजन की व्यवस्था का अवलोकन कर साफ सफाई एवं गुणवत्ता पर विशेष रूप से ध्यान देने को कहा गया। साथ ही सप्ताह में कम से कम तीन दिन हरी सब्जी मीनू में अनिवार्यता शामिल करने कहा गया। हाई स्कूल सिपकोना एवं सेजस उतई में प्रायोगिक कक्षाओं के नियमित संचालन नहीं होने के कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित प्रायोगिक कार्य करने के निर्देश दिए गए। सेजस उतई में समय सारणी तैयार की गई है जिसमें मात्र कालखंड एवं विषय अंकित किया गया है उक्त समय सारणी में न ही विद्यालय का समय और ना ही कालखंडों के लगने समय अंकित किया गया है, जिस पर प्राचार्य पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ सूचना जारी की गई।
विद्यालयों के निरीक्षण उपरांत विकासखंड पाटन में आयोजित संकुल समन्वयको की बैठक में उपस्थित होकर विद्यालय निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों व अनियमिताओं से अवगत कराते हुए शाला अवलोकन के दौरान किन-किन पहलुओं को विशेष रूप से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है बताया गया। साथ ही स्कूल शिक्षा मंत्री द्वारा विभाग समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए समस्त निर्देशों से अवगत कराया गया तथा स्कूल शिक्षा मंत्री जी के मंशा अनुरूप समय सीमा में समस्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
cg24
