कांग्रेस ने गलत तरीकों से मतदाताओं के नाम जुड़वाए : विजयशंकर मिश्रा

कांग्रेस ने गलत तरीकों से मतदाताओं के नाम जुड़वाए : विजयशंकर मिश्रा

कांग्रेस ने गलत तरीकों से मतदाताओं के नाम जुड़वाए : विजयशंकर मिश्रा

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने एसआईआर की समयावधि बढ़ाने की मांग पर लगाया आरोप

भाजपा चाहती है कि निश्चित रूप से मतदाता सूचियों का गहन परीक्षण और पूर्ण शुद्धिकरण हो : मिश्रा

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए तीन माह का समय बढ़ाने की मांग किए जाने पर कहा है कि कांग्रेस के लोगों ने प्रदेश के अनेक विधानसभा क्षेत्रों में गलत ढंग से मतदाताओं के नाम जुड़वाए हैं और कांग्रेस के संरक्षण में कई मतदाताओं के दो-दो, तीन-तीन विधानसभा क्षेत्रों में नाम जोड़े गए हैं। इतना ही नहीं, एक ही विधानसभा क्षेत्र के दो-दो बूथ में कांग्रेस के लोगों ने नाम जुड़वाए हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत प्रेस ब्रीफ में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अब कांग्रेस एसआईआर की समयावधि बढ़ाने की मांग कर रही है तो बीजेपी चाहती है कि निश्चित रूप से मतदाता सूची का गहन परीक्षण और पूर्ण शुद्धिकरण हो। डॉ. मिश्रा ने कहा कि एसआईआर चुनाव आयोग की निरंतर जांच प्रक्रिया है और इससे वह मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण करती है। इसके लिए चुनाव आयोग सभी दलों को मतदाता सूची उपलब्ध कराता है। उस समय तो कांग्रेस के लोग सब कुछ ठीक बताते हैं और बाद में फर्जी मतदाता, फर्जी मतदान और वोट चोरी का दुष्प्रचार करते हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के लोग संविधान की किताबें तो खूब लहराते हैं लेकिन उसे पढ़ते नहीं है। चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है। वोट चोरी का आरोप भाजपा पर मढ़ा जा रहा है तो उसका जवाब भाजपा ही देगी। दरअसल वोट चोरी जैसी जुमलेबाजी करके कांग्रेस बीएलओ और अपने बीएलए पर अविश्वास करके सरकार और मतदाताओं को गलत ठहरा रही है। बीएलए तो कांग्रेस और भाजपा, दोनों दलों के होते हैं और बीएलओ अगर गलत करते हैं तो बीएलए उस पर आपत्ति करते हैं। क्या कांग्रेस को अपने बीएलए पर भरोसा नहीं है?