मजबूत इच्छाशक्ति और नीतिगत सुधारों से भारत बना आर्थिक महाशक्ति : यशवन्त जैन
मजबूत इच्छाशक्ति और नीतिगत सुधारों से भारत बना आर्थिक महाशक्ति : यशवन्त जैन
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवन्त जैन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल की उपलब्धियों को उल्लेखनीय बताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सुदृढ़ नेतृत्व और 'राष्ट्र प्रथम' की नीति के कारण भारत ने वैश्विक पटल पर एक नई पहचान बनाई है। पिछले वर्षों में देश ने आर्थिक, ढाँचागत और रक्षा के क्षेत्र में वे ऐतिहासिक मील के पत्थर छुए हैं, जिनकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री जैन ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को 'पॉलिसी पैरालिसिस' के दौर से बाहर निकालकर सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। जीएसटी का सफल कार्यान्वयन, बैंकिंग क्षेत्र का डिजिटलीकरण और 'मेक इन इंडिया' जैसी पहलों ने भारत को दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में लाकर खड़ा कर दिया है। आज देश में स्टार्टअप्स की बाढ़ आई हुई है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। श्री जैन ने कहा कि रिकॉर्ड गति से राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण, रेलवे का आधुनिकीकरण, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें और हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार देश की बदलती तस्वीर को बयां करते हैं। इसके साथ ही, अनुच्छेद 370 की समाप्ति और सर्जिकल व एयर स्ट्राइक जैसे साहसिक कदमों ने देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा को अभेद्य बनाया है। भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस और पारदर्शी शासन के दम पर मोदी जी ने देश को एक आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।
cg24 
