विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का किया आह्वान
कोण्डागांव, 24 जुलाई 2026/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भारत शासन के तत्वावधान में शुक्रवार को बड़ेकनेरा रोड स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था।
अपने संबोधन में विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनेक पहल की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़कर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री समय-समय पर ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें मेहनत, आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि स्वयं सक्षम बनकर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि कोण्डागांव जिले में भी शीघ्र ही माई भारत केन्द्र की स्थापना की जाएगी, जिससे जिले के विद्यार्थियों और युवाओं को लाभ मिलेगा।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, मेहनत और अध्ययन को ही अपना वास्तविक नशा बनाएं। नकारात्मक प्रवृत्तियों और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर समाज में आदर्श नागरिक के रूप में अपनी पहचान स्थापित करें। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार करने में युवाओं से सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
नगर पालिका परिषद् के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है। इसके कारण युवा गलत राह पर चले जाते हैं, जिससे उनके परिवार को सामाजिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता में लोकगीत, नृत्य एवं लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, मूक अभिनय, पेंटिंग, वक्तृत्व कला, शॉर्ट फिल्म/रील, स्लोगन लेखन तथा कविता लेखन जैसी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने स्थानीय एवं क्षेत्रीय भाषा-बोलियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश, नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, युवाओं की भूमिका तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर श्री दीपेश अरोरा, श्री संतोष पात्रे, श्री जितेन्द्र सुराना, सुश्री सोनामणि पोयाम, श्रीमती सुषमा खोब्रागड़े, श्री आर. के. जैन, श्री खेम वैष्णव, श्री हरेन्द्र यादव, श्रीमती रेखा साहू, श्री अशोक ब्रह्म सहित डिप्टी कलेक्टर सुश्री रश्मि पोया, माई भारत केंद्र कांकेर के अधिकारी श्री सुनील कुमार, वरिष्ठ खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा वालेंटियर्स भी उपस्थित रहे।

