अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए योजनाओं का लाभ- सांसद श्री नाग

अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए योजनाओं का लाभ- सांसद श्री नाग
अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए योजनाओं का लाभ- सांसद श्री नाग

लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद  भोजराज नाग की अध्यक्षता में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय, राज्य एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं की विभागीय प्रगति तथा उसके पर्यवेक्षण संबंधी कार्यवाही पर चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक मे विधायक अंतागढ़  विक्रम उसेण्डी, विधायक कांकेर  आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष  अरूण कौशिक, कलेक्टर  निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर विशेष रूप से उपस्थित थे।
दिशा समिति की बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए सांसद श्री नाग ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका लाभ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहंुचाना सुनिश्चित किया जावे। पूर्व में नक्सल गतिविधियों के कारण अंदरूनी क्षेत्रों में विकास कार्य बाधित हुए हैं, इन क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित हो तथा सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जावे। योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण समन्वय बनाकर कार्य करें। सब मिलकर योजनाओं को बेहतर ढंग से क्रियान्वित करें। बैठक के दौरान एजेंडावार कार्यों में प्रगति की समीक्षा की गई। कुपोषित बहुलता वाले गांवों का सर्वे कराने, श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की सूची ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चारामा में जुआ खेलते हुए पकड़ाए गए कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया है।
  समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में वित्तीय वर्ष 2024-25 में 31 हजार 586 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 30 हजार 404 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि जारी की जा चुकी है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में कक्षा पहली से 8वीं तक अध्ययनरत 65 हजार 105 बच्चों को दो-दो सेट गणवेश तथा 70 हजार 797 बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया है। जिले को तीन महीने में अप्रैल से जून माह तक 133.24 करोड़ रूपए का खनिज राजस्व प्राप्त हुआ है। इस अवधि के दौरान अवैध खनिज उत्खन्न के सात प्रकरणों में 11 लाख 44 हजार रूपए, अवैध खनिज परिवहन के 74 प्रकरण में 16 लाख 38 हजार 608 रूपए और अवैध खनिज भण्डारण के चार प्ररकणों में 02 लाख 64 हजार 800 रूपए की अर्थदण्ड वसूल की गई है। ग्रामीण एवं राज्य मार्गो में ओवरलोड वाहनों में कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, कृषि, नगरीय निकायों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुधन विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, श्रम, परिवन विभाग, खनिज विभाग सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं कि क्रियान्वयन में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ  हरेश मण्डावी ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों से जो भी दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं, उसके अनुसार कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इस अवसर पर दिशा समिति के सदस्यगण-जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।