जिले में पहली बार आयोजित हुई जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट-2026
विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में हुईं शामिल
*कोण्डागांव, 02 अगस्त 2026/* जिला प्रशासन कोण्डागांव द्वारा जिले में पहली बार जिला स्तरीय इन्फ्लुएंसर मीट-2026 का आयोजन स्थानीय ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं।
इस अभिनव पहल का उद्देश्य कोण्डागांव की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों, बेलमेटल शिल्प, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं व्यवसायों को डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा जिले की प्रेरणादायक कहानियों एवं सकारात्मक पहलों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए सकारात्मक कार्यों से जुड़ने और कोण्डागांव की पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, क्योंकि वर्तमान में डिजिटल फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर प्राकृतिक संसाधनों और नैसर्गिक सुंदरता से परिपूर्ण क्षेत्र है तथा बेलमेटल शिल्प के कारण कोण्डागांव की पहचान विश्वभर में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने के बाद पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि बस्तर तेजी से बदल रहा है और युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग कर अपने व्यक्तित्व और भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने इन्फ्लुएंसर मीट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग समाज और स्वयं के विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में पैनलिस्ट के रूप में सोशल मीडिया के प्रभावशाली कंटेंट क्रिएटर्स यशवंत साहू जीतू आर्या, दीपक पटेल एवं सुश्री काजल श्रीवास उपस्थित रहे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्ण एवं सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम से पूर्व सभी अतिथियों ने ऑडिटोरियम परिसर में वृक्षारोपण किया। उद्योग विभाग के सहायक संचालक वीरेंद्र टांडेकर ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी, जबकि पुलिस विभाग के एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने साइबर अपराध एवं डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर आयोजित कंटेंट क्रिएशन प्रतियोगिता में पर्यटन, व्यवसाय, मोरल स्टोरी टेलिंग तथा शिल्प एवं कला श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, मनोज जैन, नागेश देवांगन, श्रीमती ननकी वैष्णव, संतोष पात्रे, श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव, सखा राम, श्रीमती सुषमा खोबरागड़े, श्रीमती रेखा साहू, सुश्री सोनामणी पोयाम सहित पार्षदगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव तथा भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।