सीजीपीएससी सब-इंस्पेक्टर भर्ती परिणाम पर कांग्रेस ने भ्रम फैलाया : भाजयुमो

सीजीपीएससी सब-इंस्पेक्टर भर्ती परिणाम पर कांग्रेस ने भ्रम फैलाया : भाजयुमो

सीजीपीएससी सब-इंस्पेक्टर भर्ती परिणाम पर कांग्रेस ने भ्रम फैलाया : भाजयुमो

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा की कांग्रेस नेताओं को खरी-खरी, कहा : नाम को लेकर अपमानजनक टिप्पणियों के लिए बघेल व बैज माफी मांगें

पत्रकार वार्ता में अभ्यर्थियों के दस्तावेज दिखा टिकरिहा ने कहा : कांग्रेस बिना किसी तथ्य और जानकारी के युवाओं की मेहनत और योग्यता का अपमान कर रही

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा हाल ही में जारी सब-इंस्पेक्टर परीक्षा के परिणामों पर कांग्रेस द्वारा खड़े किए जा रहे सवालों को पूरी तरह से भ्रामक, अनर्गल और युवाओं की मेहनत का अपमान करार दिया है। श्री टिकरिहा ने शनिवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दस्तावेज और अभ्यर्थियों के वीडियो साक्ष्य प्रस्तुत करते हुए कहा कि युवाओं की मेहनत का मजाक उड़ाने और तथ्यहीन अनर्गल बयानबाजी करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज प्रदेश के युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने कहा कि सब-इंस्पेक्टर परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद से ही कांग्रेस नेता अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन से व्यथित होकर बेबुनियाद दावे कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अभ्यर्थियों के नामों (जैसे 'न्यूज', 'स्पेस रानी', 'तुफैल', 'हे राम' आदि) का हवाला देकर युवाओं का मज़ाक उड़ाया और भर्ती प्रक्रिया पर उंगली उठाई। श्री टिकरिहा ने स्पष्ट किया कि सीजीपीएससी ने आधिकारिक पत्र जारी कर पहले ही साफ कर दिया है कि अभ्यर्थियों के नाम उनके वैध दस्तावेजों (जैसे 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड) के आधार पर ही दर्ज हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान ही सफल अभ्यर्थियों के वीडियो प्ले करके मीडिया के सामने दिखाए गए, जिनमें अभ्यर्थी न्यूज कुमार प्रधान ने स्पष्ट किया कि उनका वास्तविक नाम 'न्यूज़ कुमार प्रधान' (निवासी रायगढ़) है। 10वीं की अंकसूची में सरनेम दर्ज न होने और त्रुटि के कारण केवल 'न्यूज़' रह गया था, लेकिन उनके बाकी सभी दस्तावेज (आधार कार्ड आदि) पूर्णतः वैध हैं। अभ्यर्थी हे राम (पिता- दाताराम) ने भी अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उन्होंने अपनी मेहनत से मुख्य परीक्षा में सफलता पाई है और उनके नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री टिकरिहा ने अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र और आधार कार्ड के दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि कांग्रेस बिना किसी तथ्य और जानकारी के युवाओं के चयन पर सवाल उठाकर उनकी वर्षों की मेहनत और योग्यता का अपमान कर रही है। पिछली भूपेश बघेल सरकार पर हमला बोलते हुए श्री टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस शासन के 5 सालों में परीक्षाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ था। वर्ष 2023 के सीजीपीएससी परिणाम का उदाहरण देते हुए उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि उस समय टॉप 17 में चयन पाने वाले अधिकतर लोग अधिकारियों, नेताओं के रिश्तेदार, बेटे-बहू थे। कांग्रेस शासन में 5 सालों तक एसआई भर्ती को अटका कर रखा गया था और भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। श्री टिकरिहा ने कहा कि अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाएँ और भर्तियाँ आयोजित कर रही है। पूर्व में अटकी भर्ती को बढ़ाकर 971 पदों पर एसआई भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई। वर्तमान में एएसआई और एसआई के 341 पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस आरक्षक भर्ती, शिक्षक भर्ती, महिला बाल विकास, हॉस्टल अधीक्षक तथा एआई क्षेत्र में निवेश के जरिए युवाओं को रोजगार के लगातार अवसर दिए जा रहे हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान भाजयुमो के प्रदेश मंत्री विशाल पाण्डेय, युवा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, रायपुर जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष पिंटू साहू, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अनमोल तिवारी एवं सुनील शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
------------------