बीटीजीएस के कक्षा 8 के छात्रों ने पत्रकारिता विश्वविद्यालय में किया मीडिया जगत का अनुभव… 

बीटीजीएस के कक्षा 8 के छात्रों ने पत्रकारिता विश्वविद्यालय में किया मीडिया जगत का अनुभव… 

बीटीजीएस के कक्षा 8 के छात्रों ने पत्रकारिता विश्वविद्यालय में किया मीडिया जगत का अनुभव… 


 शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्रों ने पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों, लाइव रेडियो, टीवी न्यूज़ प्रसारण और मीडिया तकनीक का प्रत्यक्ष लिया अनुभव… 


रायपुर। ब्रहमविद द ग्लोबल स्कूल (BTGS) के कक्षा 8 के छात्रों ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय का शैक्षणिक दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य पत्रकारिता के मूलभूत सिद्धांतों, तथ्यों और प्रमुख अवधारणाओं की समझ विकसित करना था।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. रजेंद्र मोहंती ने छात्रों से संवाद किया। बातचीत के दौरान छात्रों ने कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे, जैसे—मीडिया क्षेत्र में सफलता का प्रतिशत क्या होता है, छात्रों के जीवन में पत्रकारिता का महत्व क्या है, और रचनात्मकता, बुद्धिमत्ता या व्यवहार में से कौन अधिक महत्वपूर्ण है। डॉ. मोहंती ने सभी प्रश्नों का उत्तर देते हुए बताया कि मीडिया लोगों के जीवन को दिशा देने और समाज को प्रभावित करने में अहम भूमिका निभाता है। विभाग के छात्रों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिससे स्कूल के छात्रों को मीडिया शिक्षा की वास्तविक झलक मिली।

इसके बाद छात्रों ने सामुदायिक लाइव रेडियो स्टेशन का अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने जाना कि आरजे किस प्रकार कार्यक्रम रिकॉर्ड करते हैं, स्क्रिप्ट तैयार करते हैं और प्रसारण करते हैं। छात्रों ने स्वयं भी अपना परिचय रिकॉर्ड किया और पर्यावरण तथा समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रेडियो पर साझा की।

टीवी न्यूज़ प्रसारण की प्रक्रिया को समझने के लिए छात्रों को लाइव न्यूज़ स्टूडियो का निरीक्षण कराया गया। उन्होंने ब्रेकिंग न्यूज़ जारी करने की प्रक्रिया और लाइव प्रसारण के दौरान स्टूडियो संचालन को करीब से देखा। भ्रमण के दौरान छात्रों ने पैनल कंट्रोल रूम (PCR), लाइटिंग मिक्सर, ऑडियो मिक्सर, टैली पॉइंटर, टेलीप्रॉम्प्टर, टेलीकास्टर, विजुअल सेटअप, एडिटिंग रूम और सर्वर रूम जैसे तकनीकी उपकरणों का भी ज्ञान प्राप्त किया। उन्होंने यह भी समझा कि लाइव एंकरिंग का अंतिम आउटपुट कैसे तैयार होता है और फ्रेम चयन टेलीकास्टर द्वारा कैसे किया जाता है।

यह शैक्षणिक यात्रा छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक रही, जिसने उन्हें मीडिया और पत्रकारिता की रोमांचक दुनिया से परिचित कराया।