CG : नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

CG : नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के अंतर्गत थाना जरहागांव क्षेत्र में यह प्रभावी कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में 01 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक शमशान घाट के पास अवैध ब्राउन शुगर बिक्री के लिए एकत्रित हो रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।

मौके से क्या-क्या मिला?

पुलिस ने पांचों संदिग्धों की मौके पर विधिवत तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से अलग-अलग पारदर्शी जिपर पॉलिथीन में रखी 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,65,000 बताई गई है।

इसके अतिरिक्त मौके से यें बरामद

06 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50,000), होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 1199 (कीमत लगभग ₹65,000),1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (कीमत लगभग ₹1,000)जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3,81,000 आंकी गई है।

नैनी प्रयागराज से लाकर कर रहे थे सप्लाई

पुलिस का कहना हैँ कि पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने स्वीकार किया कि वह उत्तरप्रदेश के नैनी प्रयागराज से नगद एवं ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अपने साथियों के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

दर्ज हुआ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला

थाना जरहागांव में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. समीर कश्यप (24 वर्ष)
  2. सियाराम कश्यप (25 वर्ष)
  3. विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष)
  4. लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष)
  5. रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष) पुलिस की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना जरहागांव प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में सूखे नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।