*सीजी 24 न्यूज़ को स्पीड पोस्ट से मिला भाजपा जिला अध्यक्ष का कथित इस्तीफा, जिला महामंत्री ने बताया फर्जी*

*सीजी 24 न्यूज़ को स्पीड पोस्ट से मिला भाजपा जिला अध्यक्ष का कथित इस्तीफा, जिला महामंत्री ने बताया फर्जी*

*सीजी 24 न्यूज़ को स्पीड पोस्ट से मिला भाजपा जिला अध्यक्ष का कथित इस्तीफा, जिला महामंत्री ने बताया फर्जी*

*ज्योतिलाल पटेल ने नहीं दिया कोई त्यागपत्र, जगन्नाथ पाणिग्रही बोले—वे पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं, इस्तीफे का सवाल ही नहीं*

सारंगढ़-बिलाईगढ़। भारतीय जनता पार्टी के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल के नाम से लिखा गया एक कथित त्यागपत्र सीजी 24 न्यूज़ चैनल को स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्राप्त हुआ है। पत्र में जिला अध्यक्ष द्वारा अपने पद से इस्तीफा देने का उल्लेख करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री एवं भाजपा जिला महामंत्री की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पत्र प्राप्त होने के बाद सीजी 24 न्यूज़ ने पत्रकारिता की जिम्मेदारी निभाते हुए बिना पुष्टि किए इसे सही मानने के बजाय इसकी सत्यता जानने का प्रयास किया। इस संबंध में चैनल की ओर से जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।

इसके बाद सीजी 24 न्यूज़ ने भाजपा के जिला महामंत्री जगन्नाथ पाणिग्रही से फोन पर संपर्क कर उन्हें स्पीड पोस्ट से प्राप्त पत्र की पूरी जानकारी दी और इसकी सत्यता के संबंध में उनका पक्ष जाना।

जिला महामंत्री ने पत्र को सिरे से नकारा, बताया पूरी तरह फर्जी

सीजी 24 न्यूज़ से फोन पर चर्चा के दौरान जिला महामंत्री जगन्नाथ पाणिग्रही ने इस पत्र को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसका स्पष्ट खंडन किया। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता हैं और वे किसी भी हाल में इस्तीफा नहीं दे सकते।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में ज्योतिलाल पटेल के परिवार में उनके बेटे के विवाह का कार्यक्रम चल रहा है। ऐसे में उनके नाम से त्यागपत्र का पत्र भेजे जाने की बात पूरी तरह निराधार है।

पत्र भेजने वाले की पहचान भी संदेह के घेरे में

सीजी 24 न्यूज़ को प्राप्त इस पत्र में प्रेषक के रूप में जो नाम, पता और मोबाइल नंबर अंकित किए गए हैं, वे भी गलत बताए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर किसने यह पत्र तैयार कर समाचार चैनल को स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या है?

सीजी 24 न्यूज़ की पड़ताल के बाद स्थिति स्पष्ट

किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना मीडिया की जिम्मेदारी है। इसी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सीजी 24 न्यूज़ ने पत्र प्राप्त होने के बाद संबंधित भाजपा पदाधिकारियों से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया।

फिलहाल जिला महामंत्री जगन्नाथ पाणिग्रही ने इस पत्र को फर्जी बताते हुए स्पष्ट खंडन किया है। जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनका प्रत्यक्ष पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाजपा जिला अध्यक्ष के नाम से कथित त्यागपत्र तैयार कर उसे स्पीड पोस्ट के जरिए समाचार चैनल तक भेजने वाला व्यक्ति कौन है और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या है?