पेंड्रावन जलाशय के विनाश का खतरा, किसानों का विरोध और डेम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों को दरकिनार करके दी गई खनन की अनुमति
पेंड्रावन जलाशय के विनाश का खतरा, किसानों का विरोध और डेम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों को दरकिनार करके दी गई खनन की अनुमति
रायपुर/25 नवंबर 2026। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम बंगोली में 117 वर्ष पुराना बहुउपयोगी पेंड्रावन जलाशय जो कि सिंचाई, मछली पालन, निस्तारी और भूमिगत जल रिचार्ज के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण जल संरचना है, के विनाश की अनुमति देकर साय सरकार ने एक बार पुनः यह साबित कर दिया कि उन्हें कुर्सी पर सिर्फ़ पूँजीपतियों की सेवा करने के लिए बिठाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जिस जलाशय से दर्जनों गांव की हज़ारों हेक्टेयर जमीन सिंचित होती है, जो भूमिगत जल रिचार्ज का सबसे बड़ा स्रोत है उसके केचमेंट में खनन की अनुमति देना उस पूरे क्षेत्र में भारी जल संकट पैदा करेगा। यह जानते हुए भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की 1722 एकड़ की लाइम स्टोन खनन परियोजना की एनओसी जारी कर दी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि क्या इसी एनओसी को जारी करने के लिए मुख्यमंत्री ने विभाग को अपने हाथों में लिया था? क्यूंकि जल संसाधन विभाग ने दिनांक 23 जुलाई 2025 अन्वेषण कार्य हेतु एवं 10 अगस्त 2026 को खनन की अनुमति जारी की है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पार्टी कांग्रेस साय सरकार के इस कारपोरेट परस्त निर्णय का कड़ा विरोध जताते हुए एनओसी और संपूर्ण खनन परियोजना को तत्काल निरस्त करने की मांग करती है । खनन से न सिर्फ यह बहुउद्देशीय जलाशय खत्म हो जाएगा बल्कि क्षेत्र में भारी जल संकट पैदा हो जाएगा क्यूंकि खरोरा और तिल्दा क्षेत्र में पहले से ही भूमिगत जल की उपलब्धता बहुत कम है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश की आड़ लेकर जारी की गई एनओसी - यह एनओसी उच्च न्यायालय के आदेश की आड़ लेकर जारी की गई है। हाई कोर्ट ने दिनांक 25 अप्रैल 2024 को शासन को निर्देश दिया कि “यदि विभाग एनओसी पर पुनर्विचार करता हैं तो उसे उच्च स्तरीय तकनीकी समिति का गठन करना होगा जो जलाशय पर खनन से होने वाले प्रभावों की समीक्षा करेगी। कोर्ट ने अपने आदेश में शासन को पुनः एनओसी जारी करने की कोई बाध्यता नहीं रखी थी, फिर विभाग द्वारा किसके आदेश पर एनओसी जारी करने की प्रक्रिया चलाई गई ?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विभागीय अधिकारी और डीएम सेफ्टी बोर्ड की आपत्तियों को भी दरकिनार किया गया - पूर्व में भी जलसंसाधन विभाग ने 30 जनवरी 2017 को खनन हेतु एनओसी जारी की थी जिसमे विभाग के ही तत्कालीन कार्यपालन अभियंता (म ज प डिसनेट संभाग 3 तिल्दा) की विस्तृत टिप्पणी जिसमे लिखा गया था कि “खनन से जलाशय का अस्तित्व खत्म हो जाएगा क्यूंकि पेंड्रावन एक हाई पर्संटेज डेम है, खनन से न सिर्फ़ जलाशय का कैचमेंट कम होगा बल्कि जलाशय का पानी सीपेज होकर माइनिंग पिट में जाएगा और ब्लास्टिंग से जलाशय की संरचना को गंभीर नुकसान होगा” को नज़र अंदाज़ किया गया था। क्षेत्र के किसानो के व्यापक जनआंदोलन के बाद दिनांक 20 मार्च 2017 को तत्कालीन जलसंसाधन मंत्री के द्वारा उस एनओसी को निरस्त किया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि डेम सेफ्टी बोर्ड ने दिनांक 4 माई 2025 को शासन को प्रेषित अपनी रिपोर्ट में बहुत ही स्पष्ट रूप से लिखा है कि “आई आई टी रुड़की द्वारा जो अध्ययन करवाया गया है उसकी कोई पूर्व सहमति या अध्ययन के टर्म ऑफ़ रिफ्रेंस डेम सेफ़्टी बोर्ड के साथ साँझा नहीं किए गए है जो कि बाँध सुरक्षा अधिनियम 2021 के खिलाफ है। डेम सेफ्टी बोर्ड ने बहुत ही स्पष्ट मत देते हुए कहा है कि किसी भी उपाय के साथ खनन किया जाए वाबजूद इसके खनन से पेंड्रावन जलाशय का अस्तित्व खत्म हो जाएगा।“
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बहुत ही स्पष्ट रूप स्वयं विभागीय अधिकारियों और डेम सेफ्टी बोर्ड की सलाह के विपरीत जाकर, स्थानीय किसानों के भारी विरोध को दरकिनार करके कुछ, खनन कंपनी को लाभ पहुचाने के मकसद से खनन की अनुमति जारी की गई है जिससे लगभग 40 से अधिक गाँव में भविष्य में भीषण जलसंकट का सामना करना पड़ेगा। तत्काल एनओसी और संपूर्ण खनन परियोजना को निरस्त किया जाए।
पेड्रावन जलाशय बचाव किसान संघर्ष समिति के संरक्षक आलोक शुक्ला ने कहा है कि जब एलओआई 2017 में खत्म हो गई है तो 2025 में माईनिंग लीज किस आधार पर जारी किया गया? बेहद स्पष्ट है कि निजी सिमेंट कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार बांध के अस्तित्व को खत्म करना चाहती है। उच्च न्यायालय ने सुनवाई के दौरान केवल कंपनी का पक्ष सुनकर सरकार से पुनर्विचार करने कहा था न कि बांध के कैचमेंट एरिया में चूना पत्थर खदान की माईनिंग लीज देने का सरकार के इस किसान विरोध निर्णय से बांध और आसपास के 40-50 गांव का भूमिगत रिचार्ज सिस्टम खत्म हो जाएगा। वर्तमान में लगभग 25 वर्ग किमी का कैचमेंट एरिया है जो सरकार के इस फैसले से घटकर मात्र 8 किमी रह जायेगा। किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष अनिल नायक और सचिव घनश्याम वर्मा, किसान संघर्ष समिति के संरक्षक उधो राम वर्मा ने भी सरकार से माईनिंग लीज को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए कहा है कि यदि फैसला नहीं बदला गया तो बड़ा किसान आंदोलन किया जाएगा।
मास्टर प्लान
कांग्रेस की सरकार ने रमन सरकार के समय के प्रस्तावों को अध्ययन करने तथा नये सिरे से विशेषज्ञों की राय लेकर तथा नागरिकों से बिल्डरों से नगर निवेशकों से सुझाव लेकर दावा आपत्ति मंगा कर जुलाई 2023 में राजधानी रायपुर का मास्टर प्लान 2031 लागू किया था।
भाजपा की सरकार बनने के बाद सरकार ने तुरंत मास्टर प्लान 2031 पर रोक लगा दिया था। नये सिरे से मास्टर प्लान बनाने की बात कही थी।
सरकार ने सिर्फ भयादोहन करने बिल्डरो और नागरिकों को परेशान करने मास्टर प्लान को रद्द किया था। 3 सालों में राजधानी में मास्टर प्लान नहीं होने से नागरिक परेशान हुए है।
सरकार बताये -
1. तीन सालों में नये मास्टर प्लान के संबंध में क्या किया गया?
2. तीन साल बाद अब दावा आपत्ति मंगाया गया।
3. 2023 में लागू किये गये मास्टर प्लान में क्या विसंगतियां थी, उसमें क्या सुधार किया गया? इस मास्टर प्लान को रद्द करने का क्या ठोस कारण था?
4. नया मास्टर प्लान जो बनाने जा रहे उसमें 2023 में लागू मास्टर प्लान से क्या भिन्नता रहेगी, रायपुर नगरीय सीमा का कितना और विस्तार करने जा रहे, जो 2023 के प्लान में नहीं था, सरकार उसको स्पष्ट करे।
5. कब तक नया मास्टर प्लान प्रभावशील होगा?
15 जनवरी के बाद धान उठाव होगा तो उपार्जन केन्द्रों में जगह कैसे बचेगी?
छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो गया है। वहीं, प्राथमिक सहकारी समितियों के लिए उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान को सुरक्षित रखने व भंडारण की बड़ी चुनौती है। दरअसल, इस बार धान खरीदी के दौरान 15 जनवरी तक राइस मिलर्स को धान उठाव की अनुमति नहीं मिलेगी।
उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव के लिए राइस मिलर्स को धान खरीदी बंद होने यानी 15 जनवरी के बाद ही डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) जारी किया जाएगा। ऐसे में उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक बढ़ने पर भंडारण की समस्या आएगी। अधिकांश उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त जगह या क्षमता नहीं है, जिससे खरीदी व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
नई व्यवस्था में समय पर धान का उठाव न होने से उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के लिए जगह नहीं बचेगी। बोरियों के अंबार लग जाएंगे और किसान भी परेशान होंगे। जगह की कमी और केंद्रों पर धान जाम होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
समय पर उठाव नहीं होने और दो माह तक धान उपार्जन केन्द्रों में रखे जाने से सूखत व शॉर्टेज की समस्या भी आएगी। खुले में धान रखे जाने से सूखत का भारी नुकसान होता है, जिसकी भरपाई का दबाव समितियों पर डाला जाता है।
इसके अलावा बेमौसम बारिश, ठंड व मवेशियों से धान की सुरक्षा के लिए समितियों को अपने स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ेगी।
राइस मिलर्स द्वारा धान का उठाव 15 जनवरी के बाद किए जाने से धान की कस्टम मिलिंग का कार्य भी विलंब से शुरू होगा। इस स्थिति में उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग का कार्य समय पर नहीं हो पाएगा।

