मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन एवं विलोपन के लिए 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए जिले के सभी 767 मतदान केन्द्रों में 12 नवंबर 2026 (गुरुवार) फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है। जिले के सभी मतदान केंद्रों में 11 दिसंबर 2026 तक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नियुक्त अभिहित अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त किए जा रहे है। इस अवधि में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवा एवं ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केन्द्र के अभिहित अधिकारी अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से निर्धारित प्रारूप-6 में आवेदन प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार अथवा संशोधन के लिए प्रारूप-8 तथा नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 में आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से तथा गूगल प्ले स्टोर से ईसीआई नेट एप्लीकेशन में भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं की सुविधा हेतु जिला स्तर पर हेल्प डेस्क संपर्क नम्बर 1950 स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त हेल्प डेस्क के नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 79748-03016 पर भी संपर्क किया जा सकता है। निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों एवं विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपने नाम की जांच कर लें तथा आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची को अद्यतन कराने में सहभागिता निभाएं।

