12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ तेज
12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ तेज
- लोक अदालत एवं मध्यस्थता 3.0 की सफलता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग सक्रिय; न्यायाधीशगण की बैठक लेकर प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर दिया गया जोर
आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं नि:शुल्क न्याय उपलब्ध कराने तथा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियाँ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा जोर-शोर से प्रारंभ कर दी गई हैं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू, कार्यकारी अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के. विनोद कुजूर के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के सचिव उमेश कुमार भागवतकर के समन्वय में लोक अदालत को अधिकाधिक सफल एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यवाही की जा रही है।
प्री-सिटिंग एवं प्रकरणों के चिन्हांकन पर विशेष जोर
राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रकरणों में प्री-सिटिंग की कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है। इसके माध्यम से पक्षकारों के मध्य विवाद के मूल कारणों को समझने, समझौते की संभावनाओं का परीक्षण करने तथा उन्हें लोक अदालत के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, न्यायालयों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लोक अदालत में रखे जाने योग्य प्रकरणों को चिन्हांकित करने तथा उनकी प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मध्यस्थता 3.0 की सफलता के लिए न्यायाधीशगण की बैठक
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों के साथ-साथ मध्यस्थता 3.0 अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से भी न्यायाधीशगण की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यस्थता के माध्यम से अधिकाधिक उपयुक्त प्रकरणों का समाधान किए जाने, पक्षकारों को मध्यस्थता की प्रक्रिया के प्रति प्रोत्साहित करने तथा लंबित विवादों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई।
बैठक में माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा सभी न्यायाधीशगण को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित प्रकरणों तथा दस वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता देते हुए उनका यथासंभव शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ऐसे प्रकरणों में संवेदनशीलता, प्रभावी न्यायिक कार्यवाही एवं समयबद्ध प्रयासों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
विभिन्न विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय
राष्ट्रीय लोक अदालत को व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिले के विभिन्न संबंधित विभागों, न्यायालयों, विधिक सहायता तंत्र एवं अन्य हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। संबंधित विभागों से प्रकरणों की जानकारी प्राप्त करने, समझौते योग्य मामलों की पहचान करने तथा अधिकाधिक प्रकरणों को लोक अदालत के माध्यम से निराकृत किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
आम नागरिकों से सहभागिता की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग द्वारा आम नागरिकों एवं पक्षकारों से अपील की गई है कि यदि उनका कोई प्रकरण राष्ट्रीय लोक अदालत में निराकरण योग्य है अथवा उनका कोई विवाद आपसी समझौते के माध्यम से समाप्त किया जा सकता है, तो वे इस अवसर का लाभ उठाएं और संबंधित न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।
ःः000ःः
घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को न्याय से पुनर्वास तक सहायता उपलब्ध कराने में डीएलएसए दुर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका
- रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और एसेस टू जस्टिक के व्यावहारिक पहलुओं को किया रेखांकित
दुर्ग, 25 नवंबर 2026 / घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं को केवल कानूनी संरक्षण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित आवास, आर्थिक सहायता, न्यायिक संरक्षण और आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करना भी आवश्यक है। इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग ने रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में सहभागिता करते हुए महिलाओं के विधिक अधिकारों एवं न्याय तक उनकी पहुंच के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग द्वारा कार्यशाला के द्वितीय सत्र में लीगल सेफगार्ड, लीगल ऐड एण्ड एसेस टू जस्टिक (Legal Safeguards, Legal Aid and Access to Justice) विषय पर व्यावहारिक एवं विधिक दृष्टिकोण से अपने विचार रखे गए। व्याख्यान में घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005 के अंतर्गत उपलब्ध कानूनी अधिकारों, न्यायिक उपचारों तथा पीड़ित महिलाओं के संरक्षण एवं पुनर्वास की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया।
व्याख्यान में बताया गया कि घरेलू हिंसा केवल शारीरिक प्रताड़ना तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक एवं भावनात्मक प्रताड़ना, आर्थिक शोषण तथा महिला को उसकी आवश्यकताओं और संसाधनों से वंचित रखना भी इसके विभिन्न स्वरूप हैं। अधिनियम के अंतर्गत महिलाओं को संरक्षण आदेश, साझा गृहस्थी में निवास का अधिकार, आर्थिक एवं अंतरिम राहत तथा अन्य आवश्यक न्यायिक उपचार उपलब्ध हैं।
स्त्रीधन के अधिकार को महत्वपूर्ण बताते हुए स्पष्ट किया गया कि विवाह के पश्चात भी महिला की संपत्ति पर उसी का अधिकार बना रहता है। अधिनियम की धारा 19 (8) के अंतर्गत न्यायालय स्त्रीधन वापस दिलाने का आदेश दे सकता है। वहीं आर्थिक एवं अंतरिम राहत के प्रावधान मुकदमे के अंतिम निराकरण तक महिला और उसके बच्चों की आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
परिवारों को बचाने का प्रयास, महिला की सुरक्षा सर्वोपरि
पारिवारिक विवादों के समाधान में न्यायालय एवं परामर्श की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि कई बार संवादहीनता, गलतफहमियों और पारिवारिक अपेक्षाओं के कारण विवाद गंभीर रूप ले लेते हैं। ऐसे मामलों में उचित परामर्श और संवाद के लिए समय देने से आपसी सहमति का रास्ता निकल सकता है तथा परिवारों को टूटने से बचाया जा सकता है। हालांकि, महिला की सुरक्षा, गरिमा और जीवन से जुड़े मामलों में उसके अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
विधिक सहायता से सुरक्षित आश्रय और पुनर्वास तक DLSA की भूमिका
विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 (ग) के अंतर्गत प्रत्येक महिला निःशुल्क विधिक सेवाओं की पात्र है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग के माध्यम से महिलाओं को विधिक परामर्श, निःशुल्क अधिवक्ता, न्यायालय में प्रतिनिधित्व तथा पात्रता के अनुसार संपत्ति संबंधी विवादों में भी विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अतिरिक्त घरेलू हिंसा से प्रभावित जिन महिलाओं के पास रहने और भोजन की व्यवस्था नहीं होती, उन्हें संबंधित सखी वन स्टॉप सेंटर एवं अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षित आवास, भोजन, चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने में डीएलएसए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महिलाओं को कैरियर मार्गदर्शन, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास भी इस व्यापक सहायता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
न्याय तक पहुंच का वास्तविक अर्थ
व्याख्यान में यह भी रेखांकित किया गया कि Access to Justice का वास्तविक अर्थ केवल न्यायालय तक पहुंचना नहीं, बल्कि पीड़ित महिला को अपने अधिकारों की जानकारी, समय पर विधिक सहायता, आवश्यक अंतरिम राहत और न्यायिक आदेशों का वास्तविक लाभ मिलना है। इसके लिए न्यायपालिका, पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग, संरक्षण अधिकारियों, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है।
रायपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग की सहभागिता ने महिला सुरक्षा के विषय को कानूनी संरक्षण से आगे बढ़ाकर न्याय, पुनर्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के व्यापक परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया।
डीएलएसए दुर्ग का मूल प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी महिला आर्थिक असमर्थता, सामाजिक दबाव अथवा विधिक जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे। क्योंकि न्याय की वास्तविक सार्थकता केवल कानूनी सहायता उपलब्ध कराने में नहीं, बल्कि पीड़ित महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर प्रदान करने में है।

