77वें गणतंत्र दिवस पर महापौर मीनल चौबे ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय भवन के प्रांगण में फहराया राष्ट्रध्वज तिरंगा

77वें गणतंत्र दिवस पर महापौर मीनल चौबे ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय भवन के प्रांगण में फहराया राष्ट्रध्वज तिरंगा

77वें गणतंत्र दिवस पर महापौर मीनल चौबे ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय भवन के प्रांगण में फहराया राष्ट्रध्वज तिरंगा0

0गणतंत्र दिवस पर रायपुर नगर पालिक निगम को प्रदेश का उत्कृष्ट नगर निगम बनाने कार्य करने का प्रण लें - महापौर मीनल चौबे0

0तेलीबाँधा तालाब मरीन ड्राइव पर 82 मीटर ऊँचे फ्लैग पोस्ट पर नगर निगम रायपुर से बजट प्रावधान कर वर्ष में 365 दिन राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने की व्यवस्था की जाये - सभापति सूर्यकान्त राठौड़0

0नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण संविधान अवश्य पढ़ें और अपना प्रशासनिक कार्य दायित्व निर्वहन पूरे मन से निर्वहन करें - आयुक्त श्री विश्वदीप0


रायपुर - आज 77वें गणतंत्र दिवस पर राजधानी शहर की प्रथम महिला नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के प्रांगण में राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया. नगर निगम रायपुर के सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़, नेता प्रतिपक्ष श्री आकाश तिवारी, आयुक्त श्री विश्वदीप, एमआईसी सदस्य श्री अमर गिदवानी, श्री अवतार भारती बागल, श्रीमती संजना संतोष हियाल, पार्षद श्रीमती स्वप्निल मिश्रा सहित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान किया. महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने भारत माता और महात्मा गाँधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर सभी वार्ड पार्षद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित समस्त नगरवासियों को गणतंत्र दिवस पर हार्दिक शुभकामनायें दीं. 
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर नगर निगम बेहतर कार्य कर रहा है. उन्होंने इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहा और अधिक बेहतर कार्य करते हुए रायपुर नगर निगम को छत्तीसगढ़ प्रदेश का उत्कृष्ट नगर निगम बनाने कार्य करने का गणतंत्र दिवस पर संकल्प लेने की विनम्र अपील की. महापौर ने कहा कि सभी रायपुर नगर निगम में ऐसा कार्य करें कि छत्तीसगढ़ राज्य के दूसरे नगरीय निकाय रायपुर नगर निगम के कार्यों को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करें.
सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़ ने सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस पर हार्दिक शुभकामनायें दीं. उन्होंने महापौर श्रीमती मीनल चौबे को तेलीबाँधा मरीन ड्राइव में 82 मीटर ऊँचे फ्लैग पोस्ट पर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज फहराने का क्रम पुनः एक बार प्रारम्भ करने पर मंच से हार्दिक धन्यवाद दिया और महापौर एवं आयुक्त से नगर निगम रायपुर के बजट में प्रावधान रखकर मरीन ड्राइव के 82 मीटर ऊँचे फ्लैग पोस्ट पर वर्ष भर सभी 365 दिन राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने की प्रशासनिक व्यवस्था देने का विनम्र अनुरोध किया.
नेता प्रतिपक्ष श्री आकाश तिवारी ने सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस पर हार्दिक बधाई दी और नगर निगम रायपुर के माध्यम से रायपुर शहर की जनता की सेवा करने का संकल्प लेने की विनम्र अपील की.
आयुक्त श्री विश्वदीप ने सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस पर हार्दिक शुभकामनायें दीं और नगर निगम रायपुर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से भारत के संविधान एक बार अवश्य पढ़ने की अपील की, जिससे सभी को हमारे राष्ट्र के जननायकों के द्वारा राष्ट्र के विकास और निर्माण के लिए निर्धारित महान लक्ष्यों की जानकारी सहजता से हो सके और सभी अधिकारी और कर्मचारी नगर पालिक निगम रायपुर में अपने प्रशासनिक कार्य दायित्वों का पूरे मन से निर्वहन कर सकें.
गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में सम्पूर्ण मंच संचालन और अंत में आभार प्रदर्शन नगर निगम रायपुर के अपर आयुक्त श्री विनोद पाण्डेय ने किया. आयोजन में मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्त्ता मोहम्मद रिजवान अली, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता श्री विनोद देवांगन, सेवानिवृत्त कार्य सहायक श्री कमल नारायण शर्मा, नगर निगम अपर आयुक्त श्री पंकज के. शर्मा, श्रीमती कृष्णा खटीक, छग राज्य शहरी विकास अभिकरण तकनीकी प्रकोष्ठ के मुख्य अभियंता श्री राजेश शर्मा, नगर निगम मुख्य अभियंता श्री यू. के. धलेन्द्र, , अधीक्षण अभियंता सर्वश्री राजेश राठौर, संजय बागड़े, संतोष पाण्डेय, बद्री चंद्राकर, रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष श्री प्रमोद जाधव सहित सभी उपायुक्तगणों, जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं, समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही.