प्रह्लाद जोशी ने संभाली शिक्षा मंत्रालय की कमान: कार्यभार ग्रहण करते ही अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री का अतिरिक्त प्रभार संभाल लिया। जिम्मेदारी संभालते ही उन्होंने शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मंत्रालय की प्राथमिकताओं और लंबित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और शिक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार बहस चल रही है।
पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी और प्रधानमंत्री की सलाह पर प्रह्लाद जोशी को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम तेज करने के निर्देश दिए।
प्रह्लाद जोशी फिलहाल उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का भी दायित्व संभाल रहे हैं। वे इससे पहले संसदीय कार्य, कोयला और खान मंत्रालय जैसे अहम विभागों का नेतृत्व कर चुके हैं। नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना, छात्रों का भरोसा मजबूत करना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देना, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देना और कौशल आधारित शिक्षा को मजबूत करना प्रमुख चुनौतियां मानी जा रही हैं। मंत्रालय की आगामी रणनीति पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।

