यूआरसी अधिकारी पर गंभीर सवाल, जांच को लेकर बढ़ी अविश्वसनीयता थाने से पत्रकारों को देख मुंह छिपाते भागे 

यूआरसी अधिकारी पर गंभीर सवाल, जांच को लेकर बढ़ी अविश्वसनीयता थाने से पत्रकारों को देख मुंह छिपाते भागे 

मन्नू मानिकपुरी बिलासपुर

बिलासपुर :- आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक–90 में सहायिका पुष्पा की कथित फर्जी जन्मतिथि के सहारे नौकरी हासिल करने का मामला अब विभाग की साख पर सीधा प्रहार बनता जा रहा है। शिकायतकर्ता मन्नू मानिकपुरी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों में स्पष्ट विरोधाभास होने के बावजूद जांच अधिकारी यूआरसी वासुदेव पांडेय की रिपोर्ट ने पूरे प्रकरण को संदिग्ध मोड़ पर ला खड़ा किया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पांडेय द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में दो अलग–अलग जन्मतिथियों वाले दस्तावेजों की जांच लगभग गायब है।
गंभीर विसंगतियों को न तो रिकॉर्ड में दर्ज किया गया और न ही किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचने की कोशिश दिखाई दी। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या जांच के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई गई?

विभागीय चुप्पी भी कम सवालिया नहीं है।
महिला एवं बाल विकास विभाग जहां लगातार टिप्पणी से बच रहा है, वहीं शिक्षा विभाग भी मानो इस मामले को लेकर मौन साधकर किसी “बड़े खेल” के संकेत दे रहा है।
दोनों विभागों का मौन इस बात को और मजबूत करता है कि कहीं पूरे प्रकरण को दबाने की कोशिश तो नहीं चल रही?
आज जब यूआरसी अधिकारी वासुदेव पांडेय सरकंडा थाने में बयान दर्ज कराने पहुंचे, तो उनसे स्वाभाविक रूप से पत्रकारों ने सवाल पूछे। लेकिन
कैमरा देखते ही अधिकारी का चेहरा उतर गया, और वे बिना किसी जवाब के मुंह छिपाते हुए वहां से निकल गए।
एक जांच अधिकारी का इस तरह सवालों से भागना अब लोगों की शंका को और भी गहरा कर रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियुक्ति में कोई गड़बड़ी नहीं है, तो विभाग और जांच अधिकारी दोनों ही इससे दूरी बनाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?
आंगनबाड़ी जैसे संवेदनशील संस्थान में—जहां बच्चों की सुरक्षा, पोषण और भविष्य जुड़ा होता है—वहीं दस्तावेजों के नाम पर इस तरह का कथित खेल पूरे सिस्टम पर कलंक की तरह उभर रहा है।

कुल मिलाकर,जांच ठंडी, विभाग मौन, अधिकारी सवालों से फरार—और आरोप लगातार गहराते हुए।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इस घोटाले पर वास्तव में कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में धीरे–धीरे दफन कर दिया जाएगा।