विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर भक्तिमय हुआ बसना: अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का भव्य आगाज

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर भक्तिमय हुआ बसना: अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का भव्य आगाज

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर भक्तिमय हुआ बसना: अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का भव्य आगाज

नीलांचल भवन से मंगल भवन तक निकली भव्य कलश यात्रा, सुमित अग्रवाल सपत्नीक बने मुख्य यजमान

कलश यात्रा के साथ बसना में अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का शुभारंभ,सुमित अग्रवाल ने संभाली मुख्य यजमान की जिम्मेदारी

बसना । बसना क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस 10 मई के उपलक्ष्य में क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगल कामना हेतु दो दिवसीय अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन की शुरुआत आज 9 मई को पूरे विधि-विधान और भक्तिमय वातावरण के साथ हुई।

महायज्ञ के प्रथम दिन आज नीलांचल भवन से एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। जय श्री राम और हरे कृष्णा के जयघोष के साथ यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए मंगल भवन पहुँची। यहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई, जिसके साथ ही 'हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्णा हरे कृष्णा, कृष्णा कृष्णा हरे हरे' के महामंत्र का अखंड जाप प्रारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर महायज्ञ का शुभारंभ किया। इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य यजमान के रूप में भाजपा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी सोनिया अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने मंगल भवन में कलश स्थापना के पश्चात मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना संपन्न की।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि भक्ति और संकीर्तन से न केवल मन को शांति मिलती है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। जनसेवा के संकल्प के साथ ईश्वर का आशीर्वाद लेना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

भाजपा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को उनके जन्मदिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बेहद सौभाग्य का विषय है कि विधायक जी के जन्मदिन की शुरुआत इस पावन 'अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ' के साथ हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत यदि ईश्वर के नाम और भक्ति के साथ हो, तो वह न केवल व्यक्ति के लिए बल्कि संपूर्ण क्षेत्र के लिए कल्याणकारी सिद्ध होती है।भाजपा प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने कहा कि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है और उनके जन्मदिवस पर आयोजित यह आध्यात्मिक अनुष्ठान उनकी इसी सेवा भावना को दैवीय शक्ति प्रदान करेगा।

भाजपा प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि दो दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन से निकलने वाली सकारात्मक ऊर्जा पूरे बसना क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि विधायक जी के व्यक्तित्व में धर्म और सेवा का जो संगम दिखता है, यह आयोजन उसी का प्रतिबिंब है। इस महायज्ञ के माध्यम से हम सभी ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हैं, ताकि वे निरंतर इसी ऊर्जा के साथ क्षेत्र के विकास और जन-कल्याण के कार्यों में संलग्न रहें। उनके जन्मदिवस पर भक्ति का यह प्रवाह पूरे समाज को एकजुट करने और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगा।

जिला संयोजक सुमित अग्रवाल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय महायज्ञ में कुल 7 आमंत्रित मंडलियों द्वारा नाम संकीर्तन, भजन और नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। ये दल अपनी कला और भक्ति के माध्यम से पूरे वातावरण को कृष्णमय बनाएंगे।

आयोजन का समापन कल 10 मई को विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर होगा। इस दिन महायज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी, जिसके पश्चात विशाल महाप्रसाद का वितरण होगा। सुमित अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

इस आध्यात्मिक उत्सव के अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल का संपूर्ण परिवार अपनी अटूट श्रद्धा के साथ सम्मिलित हुआ, जिससे आयोजन का स्वरूप एक पारिवारिक और आत्मीय उत्सव में बदल गया। कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से न केवल कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई, बल्कि विधायक जी के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को भी प्रदर्शित किया।