विधायक ने कोंडागांव में विभिन्न निर्माण कार्यों का लिया जायजा
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के साथ शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौपाटी मैदान, डीएनके कॉलोनी, बाजारपारा स्कूल, गांधी वार्ड स्थित पीएमश्री स्कूल तथा निर्माणाधीन सखी सेंटर भवन का जायजा लेकर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के सुव्यवस्थित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए हाउसिंग बोर्ड एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
विधायक ने कहा कि पुनर्विकास कार्यों के माध्यम से शहर को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
cg24 
