वन्यप्राणी एवं मानव द्वंद्व की रोकथाम के लिए शहरवासियों को किया जागरूक

वन्यप्राणी एवं मानव द्वंद्व की रोकथाम के लिए शहरवासियों को किया जागरूक
न्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत बाइक रैली से दिया संरक्षण का संदेश
वन्यप्राणी एवं मानव द्वंद्व की रोकथाम के लिए शहरवासियों को किया जागरूक

 वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत वन परिक्षेत्र कांकेर, वन मंडल कांकेर द्वारा सोमवार को बाइक रैली सह जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह का आयोजन 02 से 08 अक्टूबर तक किया जा रहा है। रैली के माध्यम से वन्यप्राणियों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व की रोकथाम के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता लाने का संदेश दिया गया।
बाइक रैली का शुभारंभ वन विश्राम गृह, कांकेर से हुआ। रैली गोविंदपुर, अर्जुनी, खपरापारा, अलबेलापारा, घड़ी चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होकर गुजरी। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों को वन्यप्राणियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उनके प्राकृतिक आवास को संरक्षित रखने तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व की संभावनाओं को कम करने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। रैली के दौरान नागरिकों को वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही किसी वन्यप्राणी के आबादी क्षेत्र में आने, घायल होने अथवा संकट में होने की स्थिति में स्वयं उसके पास जाने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई। वन विभाग ने बताया कि वन्यप्राणी संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। वन्यप्राणियों और मानव के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित कर ही उनके संरक्षण के साथ-साथ जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। इसी उद्देश्य से वन मंडल कांकेर द्वारा वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।