ई-ऑफिस का क्रियान्वयन शीघ्रता से करें सभी अधिकारी : कलेक्टर श्री क्षीरसागर

ई-ऑफिस का क्रियान्वयन शीघ्रता से करें सभी अधिकारी : कलेक्टर श्री क्षीरसागर
जिला जनसम्पर्क कार्यालय उत्तर बस्तर कांकेर
समाचार
ई-ऑफिस का क्रियान्वयन शीघ्रता से करें सभी अधिकारी : कलेक्टर श्री क्षीरसागर
जिले के किसानों को खाद उपलब्ध कराने अधिकारियों को दिए निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 जुलाई 2025/ समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक लेकर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज विभिन्न विभागों में लंबित एवं अपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि भविष्य में शासकीय कार्यों का संचालन एवं क्रियान्वयन अब ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाना है। अतः सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुए ई-ऑफिस के सॉफ्टवेयर में कार्य करना प्रारंभ करें।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज सुबह 10.30 बजे से आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद के भंडारण की जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों की मांग के अनुरूप खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डीएपी एवं यूरिया खाद के स्थान पर नैनो डीएपी व नैनो यूरिया की जानकारी किसानों को देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रासायनिक फार्मूलों के बारे में किसानों को बताने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनने तथा विभागीय समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की सिलसिलेवार समीक्षा की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों को अगस्त में पूर्ण करने वाली पंचायतें होंगी पुरस्कृत
बैठक में कलेक्टर ने जिले के निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों के संबंध में कहा कि ये काफी समय से लंबित हैं तथा इसमें वांछित प्रगति नहीं आ रही है। उन्हांने कहा कि जो पंचायत आगामी 15 अगस्त के पूर्व इन भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लेते हैं, उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी तरह पीडीएस सेंटर भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
शासकीय परिसरों व भूखण्डों में हरियाली लाने चलाएं अभियान
बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने यह भी कहा कि शासन का जल संरक्षण की दिशा में विशेष फोकस है और जलवायु व पर्यावरण को सुरक्षित करने में जिला प्रशासन को भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए वर्तमान में वर्षा ऋतु में सघन पौधरोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों, सड़क मार्गों के किनारे तथा खाली पड़े भूखण्डों में सघन पौधरोपण अभियान चलाएं तथा वन एवं उद्यानिकी विभाग से फलदार, फूलदार एवं छायादार पौधे प्राप्त कर पौधे लगाएं। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को इसके लिए अभियानपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पखांजूर क्षेत्र में ग्रामीणों की मांग के अनुरूप 30 हजार नारियल के सघन पौधे लगाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने लंबित विद्युत देयकों का जल्द से जल्द भुगतान करने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य पूर्ण करने, सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत राशि वसूलने, नियद नेल्लानार योजना के तहत लंबित कार्यों में गति लाने व छूटे हुए हितग्राहियों का राशन व आधार कार्ड बनवाने,  प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि अंतर्गत किसानों का पंजीयन पूर्ण करने सहित विभिन्न प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभाग के अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।


समाचार
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 जुलाई 2025/ राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के समारोहपूर्वक आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बैठक लेकर अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के बारे में बताया। उन्होंने उक्त राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को परस्पर सामन्जस्य और समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में बताया गया कि इसके लिए अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसडीएम कांकेर श्री अरूण वर्मा ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस साल भी जिला स्तर पर स्वतंत्रता दिवस के गरिमामयी आयोजन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में 15 अगस्त को प्रातः 7.30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी तरह जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन नरहरदेव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में किया जाएगा, जहां पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 09 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सम्पूर्ण कानून व्यवस्था के लिए अपर कलेक्टर तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त गया है। इसी प्रकार समारोह स्थल में मुख्य मंच का निर्माण, अतिथियों की बैठक एवं बैरिकेटिंग व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग, सलामी मंच एवं आकर्षक पौधे इत्यादि की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग, विद्युत एवं जनरेटर व माइक सेट की व्यवस्था विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, मार्च पास्ट एवं परेड का संचालन रक्षित निरीक्षक द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के लिए आमंत्रण पत्र मुद्रण की व्यवस्था, समारोह स्थल पर पेयजल की व्यवस्था, अतिथियों की बैठक व्यवस्था सहित स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए रिहर्सल 02 अगस्त से शुरू होकर 13 अगस्त को अंतिम पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न मोर्चों में शहीद हुए जवानों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिसके लिए सूची 10 अगस्त तक जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे, श्री ए.एस. पैकरा सहित सभी अनुविभाग के अधिकारी एवं जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।



पॉलिटेक्निक में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित

उत्तर बस्तर कांकेर, 15 जुलाई 2025/शासकीय पॉलिटेक्निक कांकेर में आज ‘‘मतदाता जागरूकता अभियान’’ (स्वीप) का आयोजन किया गया, जिसमें नाथियानवागांव के बूथ लेवल आिॅफसर ने छात्र-छात्राओं को मतदान करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं को आनलाइन वोटर रजिस्ट्रेश्न के लिए हेल्प लाईन माई वोटर एप के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने फार्म 6, 7, 8 के बारे में भी अवगत कराया। इस अवसर पर संस्था के तीन नए छात्रों को फार्म 6 भरवाकर उनका वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की गई। उन्होंने वोटर लिस्ट आईडी में दर्ज जानकारी में सुधार कार्य के लिए फार्म 8 के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर  संस्था के प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य शैक्षणिक स्टॉफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।